Jharkhand Assembly Election 2019: सरयू राय को मिला नीतीश कुमार का साथ, प्रचार के लिए करेंगे कैंप
Jharkhand Election 2019. जदयू ने चुनाव में भाजपा के बागी सरयू राय को समर्थन देने का निर्णय लिया है। जदयू के सांसद ललन सिंह ने कहा सरयू भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई लड़ रहे हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में भाजपा के टिकट से बेदखल हुए पूर्व मंत्री सरयू राय को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का साथ मिला है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने झारखंड में अकेले सभी सीटों पर चुनाव लडऩे की घोषणा के बावजूद जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ ताल ठोक रहे भाजपा के बागी सरयू राय को समर्थन देने का निर्णय किया है। नीतीश कुमार उनके समर्थन में प्रचार करने जमशेदपुर भी आ सकते हैं।
जदयू के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने मंगलवार को यहां कहा कि सरयू राय भ्रष्टाचार के खिलाफ पहले से लड़ाई लड़ते रहे हैं। उनका वर्तमान कदम भी भ्रष्टाचार के विरुद्ध है। चूंकि नीतीश कुमार की भी सोच भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस है, इसलिए पार्टी ने चुनाव में उनका समर्थन करने का निर्णय लिया है।
यह भी कहा कि यदि सरयू राय प्रचार में आने का आग्रह करेंगे, तो नीतीश सहित पार्टी के तमाम बड़े नेता उनके समर्थन में जमशेदपुर आएंगे। इसके लिए पार्टी भी उनसे आग्रह करेगी। बता दें कि सरयू राय के नीतीश कुमार के साथ करीबी रिश्ते भी हैं। मौके पर पूर्व मंत्री लालचंद महतो, प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार, भगवान सिंह, संजय सहाय आदि उपस्थित थे।
पटना से फरमान आने पर नहीं किया नामांकन
सोमवार को जदयू के प्रत्याशी क्रांति सिंह जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय नामांकन दाखिल करने पहुंच गए थे, लेकिन पटना से फरमान मिलने के बाद उन्होंने तत्काल इरादा बदल दिया। हालांकि, सरयू राय के पक्ष में जदयू के चुनाव नहीं लडऩे के फैसले का कोई नफा नहीं दिखता, लेकिन नीतीश के सरयू राय के समर्थन में उतरने से झारखंड का चुनावी समर और रोमांचक होगा। इससे बिहार में भाजपा के साथ जदयू के तालमेल पर भी असर पड़ सकता है।
एक दर्जन मंत्री झारखंड में करेंगे कैंप
झारखंड में विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार करने के लिए नीतीश कुमार अपने कैबिनेट के लगभग एक दर्जन मंत्रियों संग कैंप करने वाले हैं। पहले वे अपनी पार्टी जदयू के प्रत्याशियों का प्रचार करेंगे। अगर वे जमशेदपुर पूर्वी में मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव में निर्दलीय खड़े सरयू राय के समर्थन में कूदेंगे, तो मुकाबला रोचक होगा। सरयू राय स्वयं भी यह कह चुके हैं कि नीतीश कुमार से नजदीकी भी उनका भाजपा से टिकट काटे जाने का अहम कारण है।
हेमंत सोरेन का भी मिला है साथ
जमशेदपुर पूर्वी से निर्दलीय चुनाव मैदान में खड़े सरयू राय को झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन का साथ मिला है। सोरेन विपक्षी दलों की स्टीयरिंग कमेटी के प्रमुख होने के साथ-साथ चुनाव में विपक्षी गठबंधन के सीएम पद का भी चेहरा हैं। उन्होंने अपील की है कि विपक्ष सरयू राय को समर्थन दे। हालांकि, जमशेदपुर पूर्वी में कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ और झाविमो के अभय सिंह भी चुनाव मैदान में हैं।