Jharkhand Assembly Election 2019: लैपटॉप देने का वादा कर लुभा रहे बाबूलाल मरांडी, सरकार बनाने का किया दावा
Jharkhand Assembly Election 2019. सोमवार को झारखंड विकास मोर्चा के प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने भी अपने वादों का पिटारा खोल दिया है। उन्होंने बाबूलाल लैपटॉप योजना लांच की।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियां लोक-लुभावने वादे कर जनता को लुभा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को झारखंड विकास मोर्चा के प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने भी अपने वादों का पिटारा खोल दिया है। रांची में सोमवार को मीडिया से मुखातिब बाबूलाल ने दावा किया कि झारखंड में हमारी सरकार बनेगी। चुनाव को लेकर अपनी पार्टी की चुनावी घोषणा को जाहिर करते हुए उन्होंने बाबूलाल लैपटॉप योजना लांच की।
कहा कि झाविमो की सरकार बनी तो 10वीं उतीर्ण सभी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप मिलेगा। लैपटॉप में प्रतियोगिता परीक्षा से जुड़े सवालों के जवाब होंगे। उन्होंने इस बाबत छात्र-छात्राओं से 31 अक्टूबर तक मोबाइल संख्या 9773681682 पर निबंधन कराने की अपील की।
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने लैपटॉप के अलावा छात्रों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि झारखंड में झाविमो की सरकार बनते ही छात्रों की महंगी से महंगी पढ़ाई भी मुफ्त में करवाई जाएगी। ताकि राज्य का हर लड़का-लड़की अच्छी से अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपना सपना साकार कर सके।