Jharkhand Assembly Election 2019: बाबूलाल मरांडी बोले, राम मंदिर का आधा क्रेडिट कांग्रेस को
Jharkhand Assembly Election 2019. झाविमो प्रमुख ने कहा कि भाजपा पूरा श्रेय हड़प रही है। चार चरण में ही झाविमो को बहुमत मिलने का दावा।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - पूर्व मुख्यमंत्री व झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि राम मंदिर का पूरा क्रेडिट अकेले भाजपा हड़प जाना चाहती है, जबकि इसका आधा श्रेय कांग्रेस को जाता है। राम मंदिर बनने की दिशा में आधा काम कांग्रेस ने ही कर दिया था। बुधवार को रांची स्थित पार्टी कार्यालय में मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर को लेकर सर्वोच्च न्यायालय में चली लंबी सुनवाई के दौरान पूरे देश ने कहा था कि अदालत का फैसला सभी को स्वीकार्य होगा।
ऐसे में श्रेय लेनी की होड़ बिल्कुल गलत है। बाबूलाल ने राज्य में खंडित जनादेश की आशंका को खारिज करते हुए यह दावा भी किया कि चार चरणों के मतदान में ही उनकी पार्टी ने बहुमत के आंकड़े को प्राप्त कर लिया है। दावे के आधार के सवाल पर कहा कि राज्य की जनता ने रघुवर दास, हेमंत सोरेन जैसे सभी लीडरों को देख लिया है। उनके अनुसार, झाविमो को वर्ष 2009 में ही 11 तथा 2014 में आठ सीटें मिल गई थीं।
पार्टी चाहती तो सत्ता का सुख भोग सकती है, लेकिन राज्य के हित में ऐसा नहीं किया जिसका पार्टी को कीमत भी चुकानी पड़ी। पहले की सरकारों में विकास की चाभी दिल्ली में रही। इस बार पार्टी ने विकास का चाभी झारखंड में रहने को लेकर जनता से वोट मांगा है। बाबूलाल ने यह भी दावा किया कि संताल की जिन दो सीटों दुमका और बरहेट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभाएं की, उनमें दोनों में भाजपा हार रही है।
सरयू राय को भी लिया निशाने पर
बाबूलाल ने झामुमो के समर्थन में चुनाव प्रचार करने को लेकर पूर्व मंत्री सरयू राय को भी निशाने पर लिया। कहा, सरयू राय कई बार झामुमो को सार्वजनिक मंचों पर भ्रष्टाचारी बता चुके हैं। विधानसभा में भी उन्होंने कई बार ऐसा कहा है। अब इसी पार्टी के लिए वे वोट मांग रहे हैं।
देवघर जिला प्रशासन पर लगाया साजिश का आरोप
बाबूलाल मरांडी ने देवघर जिला प्रशासन पर साजिश का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है। उनके अनुसार, बुधवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सारठ के पालाजोरी में उन्हें पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा में शामिल होना था। लेकिन, उपायुक्त द्वारा गलत कोआर्डिनेट देने के कारण उनका हेलीकॉप्टर भटक गया।
इस कारण 20 मिनट तक वे हवा में रहे और समय पर जनसभा में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि चुनाव प्रचार का समय खत्म हो गया था। उनके अनुसार, सारठ में पार्टी प्रत्याशी की जीत हो रही है, इसे रोकने के लिए जिला प्रशासन ने जानबूझकर यह लापरवाही की। पार्टी ने देवघर उपायुक्त को चुनाव कार्य से अलग करने की भी मांग की है।