Jharkhand Election Result 2019: दोनों ओर से जीत के दावे, कांटे के संघर्ष में फंसी झारखंड सरकार
Jharkhand Election Result 2019 छह नवंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ यह सफर शुरू हुआ था। पांचवें चरण की 16 सीटों पर शुक्रवार को वोटिंग के साथ ही मैराथन खत्म हो गया।
रांची, जेएनएन। Jharkhand Election Result 2019 पांचवें चरण की 16 सीटों पर शुक्रवार को वोटिंग के साथ ही झारखंड के विधानसभा चुनाव का मैराथन खत्म हो गया। छह नवंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ यह सफर शुरू हुआ था। दैनिक जागरण की टीम इसी दिन से इस सफर की सहभागी बनी। पांच राज्यों से घिरे झारखंड की पांच सीमाओं से जनता के मिजाज-मुद्दों को जाना, राजनीतिक नब्ज टटोली। इस महती भूमिका में लगी थी हमारी वरिष्ठ सहयोगियों की टीम।
हमारे वरिष्ठ 16 पत्रकारों ने करीब 16 हजार किलोमीटर की दूरी मथकर ग्राउंड रिपोर्ट के माध्यम से आप तक एक-एक विधानसभा क्षेत्र का हाल पहुंचाया। बताया कि किसकी राजनीतिक फसल लहलहा रही तो किसके पैरों के नीचे की जमीन भुरभुरी हो गई है। बड़े नेताओं के दौरे के मायने क्या, वोट कटवा की भूमिका कौन अदा कर रहे। दलबदलुओं की क्या हैसियत। हर पहलू पर रखी नजर। दैनिक जागरण के अभियान 'इस बार वोट झारखंड के के लिए' के माध्यम से जनता की प्राथमिकता समझी।
पाया कि पलामू के मुद्दे कुछ और थे तो संताल की समस्या कुछ और। स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार जैसे मुद्दों पर जनता ने खुलकर अपनी राय रखी। जनप्रतिनिधियों के सामने हमने यह राय रखकर उन्हें बताने की कोशिश की है कि क्षेत्र की समस्या के समाधान के लिए उनका फोकस एरिया क्या होना चाहिए, जनता उनसे चाहती क्या है। उनकी प्राथमिकता क्या है। पहले चरण में 30 नवंबर को पलामू की जनता के फैसले से लेकर संताल के हुक्म सुनाए जाने तक पल-पल की रिपोर्ट आप तक पहुंचाई।
पाया कि झारखंड का चुनावी महासमर कांटे के संघर्ष में फंसा हुआ है। भाजपा और महागठबंधन में कड़ी टक्कर हुई है। फैसला किसके पक्ष में आया है इसका पता 23 दिसंबर को चलेगा जब मतों की गिनती पूरी हो जाएगी। जनता का आदेश क्या है यह भी हम आपको बताएंगे।