रांची, जेएनएन। Jharkhand Election Result 2019 झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। महागठबंधन ने भाजपा को सत्ता से बेदखल करते हुए बड़ी जीत हासिल की। इस जनादेश को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के साथ भी अपने सुर में सुर मिला लिए हैं। झाविमो की ओर से झारखंड की नई महागठबंधन सरकार को बिना शर्त समर्थन की घोषणा की गई है। आइए जानें आखिर बाबूलाल चाहते क्या है...
सवाल : जनादेश को आप किस रूप में देखते हैं?
बाबूलाल का जवाब : जनता बदलाव चाह रही थी, जनादेश यह स्पष्ट कर गया।
सवाल : झारखंड में पूर्व में भी गठबंधन की सरकार बनी है, जिसका परिणाम बहुत सुखद नहीं रहा है?
बाबूलाल का जवाब : वक्त और परिस्थिति के हिसाब से बहुत कुछ बदलता है। आप अच्छा सोचें, सब अच्छा होगा।
सवाल : कल तक आप सरकार बनाने का दावा कर रहे थे, परंतु जनादेश झाविमो के खिलाफ रहा। आप क्या कहेंगे?
बाबूलाल का जवाब : देखिए उम्मीदों पर दुनिया टिकी है। मुझे क्षेत्र से जो फीडबैक मिल रहा था, मैं बेहतरीन प्रदर्शन के प्रति आश्वस्त था। अब जनता की मर्जी।
सवाल : आखिर कौन सी परिस्थिति रही कि आप अपनी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सके?
बाबूलाल का जवाब : यह तो समीक्षा की बात है। विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर इसकी समीक्षा करेंगे।
सवाल : झारखंड की राजनीति में अब झाविमो की क्या भूमिका होगी?
बाबूलाल का जवाब : झाविमो हेमंत सोरेन की सरकार को बिना शर्त समर्थन देगा। हमारी पार्टी जन मुद्दों को लेकर पूर्व में भी संघर्ष करती रही है, आगे भी करती रहेगी।