Archbishop Felix Toppo: आर्च बिशप का विवादित बयान, पहले तनाव में रहते थे, हेमंत सरकार क्रिसमस गिफ्ट
Jharkhand Election Result 2019 रांची धर्मप्रांत के आर्च बिशप फेलिक्स टोप्पो ने कहा कि पिछली सरकार में हमलोग तनाव में रहते थे। उम्मीद है कि नई सरकार में हमें ज्यादा समर्थन मिलेगा।
खास बातें
- रांची धर्मप्रांत के आर्च बिशप फेलिक्स टोप्पो ने दिया विवादित बयान
- नई सरकार में दूर होगा अविश्वास का वातावरण
- हम चाहते थे ऐसी सरकार आए जो संविधान के हिसाब से करे शासन, यह लोगों के लिए काम करेगी
- पिछली सरकार में हमलोग प्रतिदिन प्रार्थना कर रहे थे, विशेष प्रेयर भी बनाया गया था
रांची, जेएनएन। Jharkhand Election Result 2019 पिछली सरकार में हमलोग तनाव में रहते थे। उम्मीद है कि नई सरकार में हमें ज्यादा समर्थन मिलेगा। आशा है कि नई सरकार के कामकाज से लोगों में सामाजिक सौहार्द बढ़ेगा और अविश्वास का वातावरण दूर होगा। ये बातें बुधवार को रांची धर्मप्रांत के आर्च बिशप फेलिक्स टोप्पो ने बिशप हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में मिशन के लोक कल्याण के कामों की गति धीमी पड़ गई थी। खासकर मिशन द्वारा किए जा रहे शिक्षा के कामों में सरकार की ओर से ज्यादा बाधा आ रही थी। आर्च बिशप ने कहा कि वर्तमान में जैसी उनकी बात हुई है, उस हिसाब से नई सरकार मिशन के शिक्षा के कामों को समर्थन देगी।
प्रतिदिन प्रार्थना करते थे
आर्च बिशप टोप्पो ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पिछली सरकार में हमलोग प्रतिदिन प्रार्थना करते थे। उन्होंने बताया कि एक साल पहले एक प्रेयर बनाया गया था, जो हर गिरजाघर में हर समुदाय के लोगों द्वारा प्रतिदिन पढ़ी जाती थी। ये पूछने पर कि क्या सरकार को हटाने के लिए प्रार्थना की जा रही थी, आर्च बिशप ने कहा कि प्रार्थना में सत्ता परिवर्तन की कोई बात नहीं थी। मगर इसमें हम समाज में प्रेम, शांति और एकता के बारे में प्रार्थना कर रहे थे।
नई सरकार के शासन में हमलोग खुश रह सकेंगे
बिशप ने कहा कि हम केवल यही चाहते थे कि इस सरकार के बाद कोई ऐसी सरकार आए, जो संविधान के अनुसार लोगों के लिए काम करे। उन्होंने भरोसा जताया कि यह सरकार लोगों के लिए काम करेगी। नई सरकार के शासन में हमलोग खुश रह सकेंगे। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में बड़ी जीते के बाद झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पद के दावेदार हेमंत सोरेन ने बिशप हाउस जाकर आर्च बिशप फेलिक्स टोप्पो से मुलाकात की थी।
पीआरओ बोले- आर्च बिशप ने जो बातें कही, वह जनता के मन की बात थी
आर्च बिशप के पीआरओ फादर डेविड आनंद ने फेलिक्स टोप्पो के कथित विवादास्पद बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आर्च बिशप ने जो कहा, वह जनता के मन की बात थी। जनता अपने आप में पिछली सरकार से दिक्कत महसूस कर रही थी। बिशप ने जो कहा, वह जनादेश की बात है। इसे राजनीतिक रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
धर्मगुरुओं को राजनीतिक बयान देने से परहेज करना चाहिए : भाजपा
राज्य ब्यूरो, रांची : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो के उस बयान की निंदा की है, जिसमें उन्होंने सरकार के परिवर्तन को क्रिसमस गिफ्ट बताया है। प्रतुल ने कहा कि धर्मगुरुओं को ऐसे राजनीतिक बयान देने से परहेज करना चाहिए। भारत का संविधान किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में अपने धर्म का प्रचार करने की इजाजत देता है। लेकिन, धर्म के नाम पर राजनीति करने की कतई इजाजत नहीं देता है।