Jharkhand Election 2019 Phase 2 Voting: 20 सीटों पर 48 लाख वोटर लिख रहे 260 प्रत्याशियों का भाग्य
Jharkhand Election 2019 Phase 2 Voting 20 सीटों पर विरोधियों से बीस होने की सियासी जंग शुरू हो गई है। 2 सीटों पर 5 बजे 18 सीटों पर सुबह सात बजे से 3 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
खास बातें
- सुबह सात बजे से पड़ेंगे वोट, 48,25,038 मतदाता तय करेंगे 260 प्रत्याशियों का भविष्य
- सीएम, स्पीकर, मंत्री सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
- चार हेलीकॉप्टर, एक एयर एंबुलेंस तैनात, 101 बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंची हेलीकॉप्टर से
- 30 हजार चुनावकर्मी कराएंगे मतदान, सभी बूथ पर पहुंचे
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Election 2019 Phase 2 Voting झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत पहले चरण की 13 सीटों पर मतदान संपन्न होने के बाद अब बारी दूसरे चरण के सबसे बड़े सियासी दंगल की है। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। इस चरण में सबसे अधिक 20 सीटों पर शनिवार को मतदान होगा, जिसमें मुख्यमंत्री रघुवर दास, स्पीकर डा. दिनेश उरांव, भाजपा के बागी नेता सरयू राय, मंत्री रामचंद्र सहिस, नीलकंठ सिंह मुंडा जैसे दिग्गजों सहित कुल 260 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।
दूसरे चरण की इन 20 सीटों के 6,066 मतदान केंद्रों पर 48,25,038 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,016 मतदान शहरी तथा 5,050 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। चुनाव आयोग तथा जिला प्रशासन ने इन सीटों पर शांतिपूर्ण, स्वच्छ और भयमुक्त मतदान कराने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी मतदान कर्मी सुरक्षित अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गए हैं। चूंकि इस चरण में कई विधानसभा क्षेत्र नक्सल प्रभावित हैं, इसलिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
दुर्गम व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के कुल 101 बूथों पर पोलिंग पार्टियां हेलीकॉप्टर से पहुंचाई गईं। इसमें चार हेलीकॉप्टर लगाए गए। शनिवार को इन हेलीकॉप्टर से निगहबानी की जाएगी, जबकि आपात स्थिति के लिए जमशेदपुर एयरपोर्ट पर एक एयर एंबुलेंस तैनात किया गया है। इस चरण में नक्सल दृष्टिकोण से 949 अति संवेदनशील तथा 762 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। इनके अलावा अन्य कारणों से 762 संवेदनशील तथा 2005 अति संवेदनशील मतदान केंद्र निर्धारित हैं। सिर्फ 1,586 सामान्य मतदान केंद्र हैं। इधर, सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदान संपन्न कराने के लिए लगभग 30 हजार चुनाव कर्मी लगाए गए हैं।
कब-कहां मतदान
जमशेदपुर पूर्वी तथा जमशेदपुर पश्चिमी : सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक
बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, सरायकेला, खरसावां, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, तमाड़, मांडर, तोरपा, खूंटी, सिसई, सिमडेगा तथा कोलेबिरा : सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक।
सुरक्षा कारणों से अंतिम समय में बदले गए 101 बूथ
चुनाव आयोग ने सुरक्षा कारणों से अंतिम समय में 101 बूथ बदल दिए हैं। घाटशिला, सरायकेला तथा सिमडेगा में एक-एक, पोटका में दो, चक्रधरपुर में सात खरसावां में नौ, चाईबासा में छह, तमाड़ में 10, जगन्नाथपुर में 19 तथा मनोहरपुर में सबसे अधिक 45 बूथ बदले गए। इन बूथों पर मतदाताओं को ले जाने तथा वापस पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है।
छह विस क्षेत्रों में लगेंगी दो-दो बैलेट यूनिटें
दूसरे चरण के 20 विधानसभा क्षेत्रों में से छह विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम के दो-दो बैलेट यूनिट लगानी होंगी। इनमें जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, तमाड़, घाटशिला, खरसावां तथा मझगांव शामिल हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों में 16 या इससे अधिक उम्मीदवार होने के कारण यह स्थिति बनी है।
जरूर मतदान करिए, रहेगा अवकाश
जिन विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार को मतदान होना है, वहां सार्वजनिक अवकाश रहेगा। उद्योगों एवं अन्य छोटे-बड़े प्रतिष्ठानों में भी कामगारों को सवैतनिक अवकाश देय होगा। इसलिए सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कृपा नंद झा के अनुसार, जो उद्योग, संस्थान या प्रतिष्ठान अपने कामगारों को सवैतनिक अवकाश नहीं देंगे उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
फैक्ट फाइल
- कुल सीट : 20
- कुल मतदान केंद्र : 6,066
- अति संवेदनशील मतदान केंद्र : 1,711
- संवेदनशील मतदान केंद्र : 2,767
- कुल प्रत्याशी : 260
- कुल मतदाता : 48,25,038
- पुरुष मतदाता : 24,31,511
- महिला मतदाता : 23,93,437
- थर्ड जेंडर : 90
- दिव्यांग मतदाता : 62,063
- 80 साल से अधिक आयु के मतदाता : 62,063
- 18-19 वर्ष के नए मतदाता : 1,10,070
- 18-19 वर्ष के पुरुष मतदाता : 58,204
- 18-19 वर्ष के पुरुष मतदाता : 51,857
- 18-19 वर्ष के थर्ड जेंडर मतदाता : 09