Jharkhand Election 2019: चुनाव में चल रहे बयानों के तीर, कांग्रेस बोली-हम नहीं बनाते चोरी की सरकार Political Updates
Jharkhand Assembly Election 2019 कांग्रेस प्रवक्ताओं ने किसानों की आत्महत्या से लेकर राज्य के तमाम मुद्दों को उठाया। विगत वर्षों में हुए घोटालों के मुद्दों पर भी भाजपा को घेरा।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार को किसानों के मुद्दे पर आड़े हाथों लिया है। रविवार को पार्टी प्रवक्ताओं ने किसानों की आत्महत्या से लेकर राज्य के तमाम मुद्दों को उठाया। विगत वर्षों में हुए घोटालों के मुद्दों पर भी पार्टी ने सत्ताधारी दल भाजपा को घेरने की कोशिश की। प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, जोनल कोऑर्डिनेटर अशोक चैधरी, प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. एम. तौसीफ एवं आभा सिन्हा इस दौरान मौजूद थे।
प्रवक्ताओं ने कहा कि पार्टी अब झारखंड विधानसभा के दूसरे चरण की तैयारी में पूरी तरह जुट गई है। दूसरे चरण में हो रहे 20 सीटों पर चुनाव में पार्टी 6 सीटों पर लड़ रही है। कांग्रेस ने राजनाथ सिंह के बयान पर भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने महाराष्ट्र में चोरी से सरकार बनाने की बात कही थी। आरोप लगाया कि भाजपा ने न सिर्फ महाराष्ट्र, बल्कि इसके पूर्व गोवा, मणिपुर, बिहार और कर्नाटक में भी ऐसे ही कृत्य किए हैं।