Jharkhand Assembly Election 2019: कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव बोले, झामुमो बड़ा भाई; महागठबंधन की सीट शेयरिंग का एलान जल्द
Jharkhand Assembly Election 2019 खबर है कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में झामुमो को बड़ा भाई मान लिया है। लगभग यह तय है कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में ही विपक्षी महागठबंधन चुनाव लड़ेगा।
रांची, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 अब तक बीसियों बार सार्वजनिक मंच से हेमंत सोरेन की मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को खारिज करने वाले झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव के तेवर नरम पड़ते दिख रहे हैं। बीते दिन अपने पुराने बयानों से पल्ला झाड़ते हुए उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा है कि वे पहले से ही झारखंड मुक्ति मोर्चा की अगुआई में विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं। उन्हें झामुमो को बड़ा भाई मानने में कभी एतराज नहीं रहा। हमारा मकसद मिलकर भाजपा को हराना है। जल्द ही विपक्षी महागठबंधन की सीट शेयरिंग का औपचारिक एलान कर दिया जाएगा।
बता दें कि झारखंड के राजनीतिक दल विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस बुधवार को राजधानी रांची में जनाक्रोश रैली के जरिये ताकत की आजमाइश कर रही है। इसके बाद आनेवाले विधानसभा चुनाव को लेकर झामुमो-कांग्रेस विपक्षी महागठबंधन पर बात आगे बढ़ा सकते हैं।