Move to Jagran APP

Jharkhand Election 2019: चुनावी नतीजों से पहले कांग्रेस ने 13 नेताओं को छह वर्ष के लिए निकाला

Jharkhand Assembly Election 2019 जिन नेताओं को पार्टी से बाहर किया गया है उनमें आठ नेता प. सिंहभूम के चार हजारीबाग और एक लोहरदगा के शामिल हैं।

By Alok ShahiEdited By: Published: Sun, 22 Dec 2019 09:19 PM (IST)Updated: Sun, 22 Dec 2019 09:19 PM (IST)
Jharkhand Election 2019: चुनावी नतीजों से पहले कांग्रेस ने 13 नेताओं को छह वर्ष के लिए निकाला
Jharkhand Election 2019: चुनावी नतीजों से पहले कांग्रेस ने 13 नेताओं को छह वर्ष के लिए निकाला

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में 13 नेताओं को छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। इससे संबंधित आदेश जारी करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सभी वरीय नेताओं को सूचित भी कर दिया है। जिन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है उनपर पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लडऩे और पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ प्रचार करने का आरोप है। पार्टी से निकाले गए लोगों में पश्चिम सिंहभूम जिला कांग्रेस के आठ नेता, हजारीबाग जिला कांग्रेस के चार और और लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के एक नेता शामिल हैं।

loksabha election banner

पश्चिम सिंहभूम

  1. सन्नी सिंकू : जगन्नाथपुर विस से तृणमूल के टिकट पर चुनाव लड़े।
  2. जया रानी पाडिया : जगन्नाथपुर से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ीं।
  3. अमित लागुरी : जगन्नाथपुर से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़े।
  4. विमल सुम्बुरुई : चाईबासा से जदयू प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़े।
  5. तुराम बिरूली : चाईबासा विधानसभा से तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में लड़े।
  6. जोसेफ पूर्ति : मंझगांव विधानसभा से झाविमो प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े।
  7. सेलाय मुंडा : चक्रधरपुर से जनता पार्टी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े।

हजारीबाग जिला कांग्रेस

  1. मुन्ना सिंह : हजारीबाग से झाविमो प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े।
  2. सच्चिदानंद पांडेय : झाविमो प्रत्याशी के पक्ष में प्रेस कांफ्रेंस किया।
  3. देवकुमार राज : झारखंड के शीर्ष नेतृत्व के विरुद्ध बयानबाजी।
  4. दिगंबर महतो : बरका से राजद प्रत्याशी के विरुद्ध भाकपा से चुनाव लड़े।

लोहरदगा जिला कांग्रेस

  1. साजिख अहमद चुंगू : विधानसभा चुनाव में अधीकृत प्रत्याशी के खिलाफ भाकपा से चुनाव लड़े।

सुबह की गहमागहमी के बाद दोपहर तक खाली होता गया कांग्रेस मुख्यालय

झारखंड विधानसभा चुनाव का परिणाम सोमवार को आ रहा है और इसको लेकर कांग्रेस की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पार्टी प्रत्याशियों को प्रशिक्षण दे दिया गया है और एजेंटों को भी विभिन्न बातों की जानकारी दी गई है जिसका मतगणना के दौरान ख्याल रखना है। पार्टी कार्यालय में सुबह कुछ गहमागहमी रही लेकिन दोपहर होते-होते लोग अपने-अपने ठिकानों की ओर रवाना हो गए। इस बीच, पार्टी मुख्यालय में कंट्रोल रूम बनकर तैयार हो गया है और यह सोमवार की सुबह से ही काम करने लगेगा। पूरे राज्य के प्रत्याशियों को यहां से सुझाव मिलेंगे और विभिन्न मुद्दों पर उन्हें निर्देश भी दिए जाएंगे। सहयोग और किसी गड़बड़ी की स्थिति में ऊपर तक शिकायत पहुंचाने के लिए मुख्यालय स्थित वार रूम में अलग से लोग तैनात रहेंगे।

कांग्रेस मुख्यालय में दोपहर में भीड़ नहीं थी। यहां मौजूद एक कार्यकर्ता बताते हैं कि सुबह में कुछ कार्यक्रम हुआ था जिसके बाद सभी अपने-अपने जिलों की ओर रवाना हो गए हैं। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने बताया कि सभी प्रत्याशियों के साथ-साथ उनके एजेंटों को भी प्रशिक्षित कर दिया गया है। उन्हें निर्देशित कर दिया गया है कि मतगणना शुरू होने से लेकर अंत तक चौकन्ना रहना है। एक बॉक्स की गिनती शुरू होने के बाद जबतक उसे पूरा नहीं कर लिया जाता तब तक दूसरे की गिनती शुरू न हो, यह सुनिश्चित कर लें। वार रूम की तैयारी भी पूरी है। यहां विभिन्न प्रमंडलों के प्रत्याशियों के लिए अलग-अलग लोग लगाए गए हैं जो किसी भी सूचना के बाद अपने प्रत्याशियों और मतगणना एजेंटों के लिए आवश्यक दिशानिर्देश देंगे। वार रूम में खासकर प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सभी जिलों में कांग्रेसियों को अलर्ट कर दिया गया है।

आजसू में संभावित नतीजों पर होता रहा मंथन, पार्टी कार्यालय में सन्नाटा

सुबह के ग्यारह बजे हैं। आजसू पार्टी कार्यालय में वीरानी छाई हुई है। दो-तीन आफिस स्टाफ के अलावा वहां सन्नाटा ही है। हाल ही में हरमू रोड में सहजानंद चौक के ठीक पहले बने पार्टी के भव्य कार्यालय में ग्राउंड फ्लोर में काम चल रहा है। पहला तल्ला बिल्कुल खाली है तो दूसरे तल्ले में दो-तीन कार्यकर्ता सोमवार को आनेवाले नतीजे पर चर्चा कर रहे हैं। पता चलता है कि चुनाव के बाद पार्टी नेता और कार्यकर्ता क्षेत्र में जमे हैं। मतगणना को लेकर भी उन सबकी ड्यूटी लगाई गई है।

भले ही पार्टी कार्यालय में सन्नाटा है, लेकिन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के आवास पर कुछ भीड़भाड़ दिख रही है। सुदेश आवास के अंदर अपने बच्चों के साथ समय बिता रहे हैं, लेकिन बाहर कई नेता जमे हुए हैं। एक स्थानीय चैनल ने भी अपना कैमरा लगाकर वहां डेरा डाल दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता सह सेवानिवृत्त आइपीएस पदाधिकारी सुबोध प्रसाद कुछ पार्टी नेताओं के साथ सोमवार को आनेवाले नतीजे पर चर्चा कर रहे हैं। अपराह्न एक बजे पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह गोमिया से पार्टी प्रत्याशी लंबोदर महतो वहां पहुंचते हैं। वे सीधे आवास के अंदर चले जाते हैं जहां काफी देर तक उनकी चर्चा आनेवाले चुनाव परिणाम पर होती है। इस बीच कुछ अन्य प्रत्याशी और पार्टी पदाधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है।

इस बीच वहां उपस्थित कार्यकर्ता एक्जिट पोल पर ही चर्चा करते हुए इसके नतीजे को सिरे से नकारते हैं। यह दावा भी होता है कि सोमवार को सारे अनुमान गलत साबित हो जाएंगे और पार्टी दहाई का आंकड़ा पार कर जाएगी। इधर, पार्टी के वरिष्ठ नेता सह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के आवास पर भी कार्यकर्ताओं की अच्छी भीड़ है। सांसद सुबह से ही रामगढ़, गोमिया, मांडू आदि के कार्यकर्ताओं से मिलते हुए पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में पड़े वोटों को लेकर चर्चा करते हैं। दोपहर में वे अपने क्षेत्र के लिए रवाना हो जाते हैं। शाम में भी इन दोनों के आवासों पर ही भीड़भाड़ दिखती है। पार्टी में लगभग सन्नाटा ही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.