Jharkhand Assembly Election 2019: कोडरमा में बोले तेजस्वी, डबल इंजन में एक इंजन अपराध तो दूसरा भ्रष्टाचार का
Jharkhand Assembly Election 2019. कोडरमा के मरकच्चो में राजद प्रत्याशी अमिताभ कुमार के समर्थन में तेजस्वी यादव ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
कोडरमा, जासं। Jharkhand Assembly Election 2019 - राजद प्रत्याशी के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित करने कोडरमा पहुंचे बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कोडरमा के मरकच्चो प्रखंड के अस्पताल मैदान में राजद और महागठबंधन के प्रत्याशी अमिताभ कुमार के समर्थन में चुनावी जनसभा का आयोजन किया गया था।
सभा को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भाजपा पर हमलावर रुख अख्तियार करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में एक इंजन भ्रष्टाचार और दूसरा इंजन अपराध को बढ़ावा देने में जुटा है। भाजपा ने एक ऐसा कमल छाप साबुन की इजाद की है जिससे नहाने से सारे पाप धुल जाते हैं। उन्होंने कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी पर भी तंज कसते हुए कहा कि वह भी लालच में पड़कर भाजपा में गई है।
उन्होंने कहा कि कोडरमा से मेरे पिता लालू प्रसाद जी का गहरा लगाव रहा है। आज भाजपा के लोग एक साजिश के तहत उन्हें जेल में बंद करके रखे हुए हैं। मेरे पूरे परिवार को परेशान किया गया। जब मैं 13 वर्ष का था तब मुझ पर टेंडर घोटाले का आरोप लगाकर मुकदमा किया गया। लेकिन हम लोगों ने कभी सिद्धांतों से समझौता कर भाजपा के आगे झुकने का काम नहीं किया।
आज भाजपा के अच्छे दिन में प्याज ₹120 किलो बिक रहा है। लोग प्याज खाकर नहीं प्याज सूंघकर काम चला रहे हैं। जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा के लोग हिंदुस्तान-पाकिस्तान, हिंदू-मुस्लिम और इमरान खान की ओर लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं। आने वाले दिन में झारखंड में भाजपा का विनाश तय है। यहां महागठबंधन की सरकार पूरी मजबूती के साथ बनेगी। मौके पर राजद प्रत्याशी अमिताभ कुमार, वरीय नेता सुभाष यादव के अलावा दर्जनों की संख्या में राजद के विधायक मौजूद रहे।