PM Modi in Jharkhand: कांग्रेस-झामुमो पर हमलावर रहे प्रधानमंत्री मोदी Jharkhand Election
Jharkhand Assembly Election 2019. पीएम माेदी ने झारखंड की रैली में महिलाओं को बनाया विकास का भागीदार। भाजपा कार्यकर्ताओं को सौंपा एजेंडा विपक्ष के झूठ का करें पर्दाफाश।
रांची, राज्य ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की धरती से आदिवासियों से रिश्तों के तार जोड़े, आधी आबादी को राज्य के विकास का भागीदार बनाया तो विपक्ष पर तीखा व सधा हुआ हमला करने से भी वे नहीं चूके। संकेत स्पष्ट है कि सियासी पारा चढ़ चुका है हमले अब सीधे ही होंगे। पार्टी कैडरों को अब इसी लीक पर आगे बढऩा होगा।
प्रधानमंत्री ने अपने करीब आधे घंटे के संबोधन का बड़ा हिस्सा कांग्रेस और झामुमो को समर्पित किया। इन राजनीतिक दलों को छल व स्वार्थ की राजनीतिक करने वाला बताया। तो यह कहना भी नहीं भूले कि ये सत्ता के लिए छटपटा रहे हैं। पीएम के संबोधन में कांग्रेस व झामुमो का जिक्र कई बार आया। उन्होंने जनता को कांग्रेस से सावधान रहने की नसीहत दी। कांग्रेस के इतिहास और कारनामे भी याद दिलाए।
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि उनकी नजर सिर्फ झारखंड की खनिज संपदा पर है। डर व झूठ का भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद जनता और अपने कार्यकर्ताओं को यह टास्क भी सौंपा कि वे कांग्रेस के झूठ को लोगों तक पहुंचाएं। झूठ का पर्दाफाश करें। भाजपा की डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों को बताने के क्रम में भी पीएम के निशाने पर विपक्ष दल ही रहे। अपनी अनूठी शैली में पीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने उन्हें घर दिया जिन्हें कांग्रेस व झामुमो ने झोपड़ी में रहने को छोड़ दिया था।
वैसे क्षेत्र भी आज सड़क से जुड़ रहे हैं, जहां कभी विरोधी दल के नेता झांकने भी नहीं थे। आज उन जनजाति क्षेत्रों पाइप से पानी पहुंच रहा है, जिन्हें कांग्रेस और झामुमो की सरकार ने अपने हाल पर छोड़ दिया था। पड़ोसी राज्यों के विकास का हवाला देने वाली कांग्रेस पर पलटवार भी किया। कहा, जहां भाजपा की सरकारें नहीं हैं, वहां की स्थिति देख लीजिए। वहां किसानों, आदिवासियों, पिछड़ों के साथ झूठे वादे करके कांग्रेस और उसके साथी दलों ने सरकारें तो बना ली, लेकिन वादा पूरा करने से दूर भाग रहे हैं। लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
आधी आबादी को साधा
प्रधानमंत्री ने झारखंड की मेहनतकश महिलाओं का विशेष तौर पर जिक्र किया। कहा, यहां की रानी मिस्त्रियों ने देश ही नहीं दुनिया में नाम कमाया। आधी आबादी के लिए किए गए कार्यों को भी गिनाया। महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि खूंटी में 3000 से अधिक सखी मंडल बनाए गए हैं, जिसके तहत चालीस हजार से अधिक परिवार जुड़े हैं। यहां की बहने आजीविका चला रही हैं। आने वाले समय में भाजपा सरकार की कोशिश है कि हर घर से एक महिला सदस्य इस आंदोलन का हिस्सा बनें। आय के साधन बढ़ाने के साथ ही देश के विकास में भी भागीदार बनें।
किसी जाति के साथ भेदभाव नहीं करती भाजपा
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज झारखंड के हर व्यक्ति को केंद्र व राज्य सरकार की किसी न किसी योजना का सीधा लाभ मिल रहा है वह भी बिना किसी जाति के भेदभाव के। हर झारखंडवासी के लिए समान भावना से काम किया जा रहा है।