Jharkhand Election 2019: नंदकिशोर ने गठबंधन को कहा ठगबंधन, हताश हैं विपक्षी पार्टियां
Jharkhand Assembly Election 2019 भाजपा के चुनाव सह प्रभारी ने यूपीए गठबंधन पर साधा निशाना उनके घोषणापत्र को बताया भ्रम फैलाने वाला
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 भाजपा के विधानसभा चुनाव सह प्रभारी नंदकिशोर यादव ने यूपीए गठबंधन को ठगबंधन करार दिया है। रांची शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में नंद किशोर यादव ने कहा विपक्षी दलों ने महागठबंधन तो बना डाला, लेकिन सबके घोषणापत्र अलग-अलग हैं। जब शुरुआत में ऐसा विरोधाभास हैं, तो ऐसे में वे सरकार चलाने का दावा कैसे कर सकते हैं।
नंद किशोर यादव ने कहा कि विपक्षी दलों के घोषणापत्र विरोधाभासी हैं। उनके घोषणापत्र में नक्सलवाद को लेकर कोई चर्चा तक नहीं की गई है। कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए नंदकिशोर यादव ने कहा कि कांग्रेस जैसे दलों को नैतिकता की बात नहीं करनी चाहिए। कांग्रेस ने जमीन से लेकर आसमान तक घोटाले किए हैं। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार ने वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में जितने वादे किए उनमें 92 प्रतिशत वादे पूरे किए।
उन्होंने एक निजी एजेंसी लोक नीति शोध केंद्र के सर्वे का हवाला देते हुए इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया। कहा, यह उपलब्धि इसलिए हासिल कर पाए, क्योंकि राज्य में स्थिर और स्थायी सरकार रही। यादव ने कहा की 2-4 सीटों पर लडऩे वाली पार्टी भी ऐसे वादे कर रही है, जैसे वही सरकार बनाने वाले हो। उन्होंने झामुमो नेता हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधा। कहा, उन्हें तो खुद की जीत पर भरोसा नहीं है, तभी वे दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। जिनको जनता का भरोसा नहीं, वह सरकार क्या चलाएंगे। ठगबंधन में हताशा और निराशा है, इसलिए ये लोग आधारहीन आरोप लगा रहे हैं।
सरयू राय पर बोले, उन्होंने खुद स्पष्ट कर दिया है
सरयू राय से जुड़े सवाल पर नंद किशोर यादव ने कहा कि जब उन्होंने खुद कह दिया है कि वे भाजपा में नहीं हैं, तो इससे जुड़े सवाल का कोई अर्थ नहीं रह जाता।