Jharkhand Assembly Election 2019: स्टार वार तेज, 15-17 को फिर आएंगे मोदी; BJP ने झोंकी पूरी ताकत
Jharkhand Assembly Election 2019 नरेंद्र मोदी 15 व 17 दिसंबर को करेंगे सभा। जबकि अमित शाह व जेपी नड्डा की सभा कल प्रस्तावित है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड में विधानसभा के शेष बचे दो चरणों के लिए भाजपा ने पूरा जोर लगा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भाजपा के शीर्ष नेताओं की पूरी टोली अगले कुछ दिनों तक झारखंड में कैंप करेगी। इस कड़ी में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। वहीं, शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह गृहमंत्री अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की जनसभा प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 को दुमका और 17 को साहिबगंज में जनसभा को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 11.30 बजे पत्थरगामा प्रखंड और 12.30 बजे चरवाहा विद्यालय मैदान राजमहल में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तीन सभाएं होगीं। वे 11.30 बजे बगोदर स्टेडियम मैदान, 12.30 बजे बेंगाबाद स्टेडियम बेंगाबाद व दोपहर 1.30 बजे सकेपुरा मैदान मधुपुर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा मनोज तिवारी शुक्रवार को 11 बजे खसटेका मैदान मधुपुर, 12 बजे बेगनथरा मैदान जरमुंडी और दिन के 1.30 बजे टाउनशिप फुटबाल मैदान तेतुलमारी में जनसभा को संबोधित करेंगे। जबकि दिनेश लाल यादव 11.30 बजे दुर्गा पूजा मैदान सेक्टर-9 बैशाली बोकारो में जनसभा को संबोधित करेंगे। वे एक बजे जिरामारी मैदान व दो बजे दुर्गा मंदिर मैदान पसई पोड़ैयाहाट में जनसभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 14 दिसंबर को 11 बजे बीएड कॉलेज मैदान देवघर, एक बजे गिरिडीह स्टेडियम के अलावा दिन के 2.30 बजे राजाराम मन्दिर मैदान बाघमारा में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा 11.30 बजे काला डुमरिया मैदान महगामा और एक बजे बोरियो के ब्लॉक मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।