Jharkhand Election 2019: ओवैसी बोले, भाजपा-कांग्रेस ने झारखंड की अवाम को हमेशा छला
Jharkhand Assembly Election 2019 पलामू के विश्रामपुर में एआइएमआइएम की चुनावी सभा में ओवैसी ने कहा कि प्रदेश की जनता इन दोनों से सतर्क रहे।
रांची, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 एआइएमआइएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस 19 वर्षो से झारखंड की आवाम को छलती रही है। प्रदेश के विकास के नाम पर दोनों ने झारखंड की संपदा को लूटा है। प्रदेश की जनता इन दोनों से सतर्क रहे। ओवैसी विश्रामपुर डाक बंगला के मैदान में एआइएमआइएम के विश्रामपुर प्रत्याशी अशर्फी चंद्रवंशी व गढ़वा विधानसभा प्रत्याशी डॉ. एमएन खान के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा धार्मिक उन्माद को बढ़ाकर लोगो की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करती है। वहीं कांग्रेस छद्म धर्मनिरपेक्षता का लबादा ओढ़कर अकलियत, दलितों व आदिवासियों को धोखा दे रही है। देश मे सिर्फ एआइएमआइएम ही असली धर्मनिरपेक्ष पार्टी है।