Move to Jagran APP

PM Modi ने जब किया अयोध्‍या मामले का जिक्र, भीड़ ने खूब लगाए जय श्रीराम के नारे Jharkhand Election 2019

Jharkhand Assembly Election 2019 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खूंटी और जमशेदपुर में अपने संबोधन के दौरान लोगों के मन को छूने की कोशिश की।

By Alok ShahiEdited By: Published: Tue, 03 Dec 2019 08:26 PM (IST)Updated: Tue, 03 Dec 2019 11:18 PM (IST)
PM Modi ने जब किया अयोध्‍या मामले का जिक्र, भीड़ ने खूब लगाए जय श्रीराम के नारे Jharkhand Election 2019
PM Modi ने जब किया अयोध्‍या मामले का जिक्र, भीड़ ने खूब लगाए जय श्रीराम के नारे Jharkhand Election 2019

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 खूंटी और जमशेदपुर में अपनी चुनावी जनसभा के संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए झारखंड के लोगों को इनसे सजग रहने की नसीहत दी। कहा, आप सभी को कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है। उनकी नजर सिर्फ और सिर्फ यहां की प्राकृतिक संपदा पर है। झारखंड को लूटना ही उनका एजेंडा है। ऐसे लोग सत्ता में वापसी के लिए इतना छटपटा रहे हैं कि आपके बीच झूठ फैला रहे हैं। डर और भ्रम फैला रहे हैं। वे नहीं चाहते यहां उद्योग लगे, यहां पर्यटन समृद्ध हो। उनको पता है अगर ऐसा हुआ तो गरीबों के पास पैसे आने लगेंगे। इससे कांग्रेस नेताओं की कोई पूछ नहीं रहेगी। कहा, आज उन जनजाति क्षेत्रों में भी पानी की पाइप लाइन पहुंच रही है, जिनको कांग्रेस और झामुमो की सरकार ने अपने हाल पर छोड़ दिया था। आज गरीब, पिछड़े, आदिवासी परिवार को भी अपना घर मिल पा रहा है, जिनको कांग्रेस और जेएमएम की सरकार ने झोपडिय़ों में रहने के लिए मजबूर किया था।

loksabha election banner

बोले मोदी, 370 अब हट चुका है, राम मंदिर के जिक्र पर खूब लगे नारे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुच्छेद 370 और राम जन्मभूमि विवाद का भी जिक्र किया। कहा, दशकों से चली आ रही राष्ट्रीय समस्याओं समाधान अब हो चुका है। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 अब हट चुका है। अब केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर को विकास के  पथ पर ले जाने की जिम्मेदारी आदिवासी अंचल में ही जन्मे उप राज्यपाल के कंधों पर है। मोदी ने जैसे ही राम जन्म भूमि का जिक्र किया वैसे ही जय श्री राम का नारा बुलंद होना शुरू हो गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि राम जन्म भूमि विवाद को कांग्रेस और सहयोगी की सरकारों ने लगातार लगाता लटकाए रखा था। वह भी शांतिपूर्ण ढंग से हो गया है।

पहले चरण के मतदान के दौरान माहौल खराब करने की हुई कोशिश

प्रधानमंत्री ने कहा कि 30 नवंबर को निराशा में डूबे लोगों ने जिन्हें झारखंड की जनता नकार चुकी है पहले चरण के मतदान के समय माहौल खराब करने की बहुत कोशिश की पूरे देश ने इसे देखा है। लेकिन झारखंड के लोगों ने इन कोशिशों को नाकाम किया। झारखंड के लोगों ने भाजपा सरकार के प्रति, कमल के फूल के प्रति विश्वास की भावना को व्यक्त किया। यही भावना मुझे यहां खूंटी में भी दिखाई दे रही है।

डबल इंजन से विकास को गति मिलती है

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज झारखंड के लोग यह देख रहे हैं कि दिल्ली और रांची में डबल इंजन लगाने से विकास की गति तेज भी होती है। कहा, अर्जुन मुंडा ने सही कहा कि दिल्ली ने राज्य के गांव तक विकास को पहुंचाया और रांची की भाजपा सरकार ने उसे घर-घर ले जाने के लिए पूरी जिम्मेदारी से काम किया। उन्होंने भाजपा के नारे को भी दोहराया। कहा, अब जनता भी सहज रूप से बोल रही है, झारखंड पुकारा, भाजपा दोबारा।

आईओसीएल का टर्मिनल भी तैयार, गेतलसूद और धुर्वा डैम पर बनेगा सबसे बड़ा सोलर प्लांट 

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2015 में मुझे खूंटी कोर्ट में सोलर पावर प्लांट के उद््घाटन का अवसर मिला था। तब तक सौर ऊर्जा से बिजली का उत्पादन सपना लगता था। लेकिन 5 वर्ष बाद आज झारखंड में करीब करीब 40 मेगावाट सौर ऊर्जा तैयार की जा रही है। अब तो गेतलसूद और धुर्वा डैम पर देश का सबसे बड़ा सौर पावर प्लांट बनने जा रहा है। सौर ऊर्जा के साथ-साथ खूंटी को ओडिशा के पारादीप से पाइप लाइन से जोड़ा गया है। यहां आईओसीएल का टर्मिनल भी तैयार हो चुका है। अब झारखंड को यहीं से तेल की सप्लाई होगी। इस तरह डिफेंस यूनिवर्सिटी हो या नॉलेज सिटी ऐसे अनेक प्रोजेक्ट इस पूरे क्षेत्र में शिक्षा, कौशल और रोजगार के नए अवसरों का निर्माण करने वाले हैं।

भाजपा ने वादे किए तो उसे निभाए

प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड यह भली भांति जानता है कि कांग्रेस और झामुमो की राजनीति स्वार्थ की राजनीति है। जबकि भाजपा कर्म और सेवा भाव से काम करती है। लोकसभा चुनाव के दौरान जब हम आपके बीच आए थे। हमने आपके सामने कुछ संकल्प लिए थे। पीएम सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। यह वादा हमने पूरा कर लिया। छोटे किसानों किसानों, मजदूरों, छोटे दुकानदारों को 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन की सुविधा देने की बात कही थी। यह वादा भी पूरा कर लिया। इन योजनाओं को झारखंड से ही लांच किया गया। आदिवासी क्षेत्रों में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल खोलने का राष्ट्रीय अभियान भी झारखंड से शुरू किया गया। नक्सली हमलों में शहीद होने वाले केंद्रीय बलों के जवानों को बच्चों को स्कॉलरशिप देने का फैसला भी लिया जा चुका है, इसका लाभ झारखंड के शहीद परिवारों को भी मिलने लगा है।

भगवान बिरसा और शहीद अल्बर्ट एक्का को किया नमन

प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के साथ-साथ शहीद बिरसा मुंडा को भी नमन किया। कहा, आज ही के दिन परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का वीर गति को प्राप्त हुए थे। मै इस धरती से उन्हें नमन करता हूं। टाना भगतों की चर्चा करना भी वे नहीं भूले। झारखंड के प्रति अपने स्नेह को भी दर्शाया। कहा, प्रधानमंत्री, गुजरात के मुख्यमंत्री और संगठन के कार्यकर्ता के तौर पर झारखंड के लोगों का प्यार उन्हें बार-बार खींच लाता है। कहा, यहां खूंटी में प्रधानमंत्री बनने के बाद यह मेरा दूसरा दौरा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.