रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Election Result 2019 राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली नई सरकार के गठन की औपचारिकता पूरा करने को लेकर मंगलवार को कवायद चरम पर रही। सुबह से ही इस बाबत गतिविधियां तेज हो गईं। झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक दल की बैठक में हेमंत सोरेन को विधिवत नेता चुनने की घोषणा की गई। झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के आवास पर हुई बैठक में दल के सारे 30 विधायक मौजूद थे। इसके बाद शाम पांच बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक आलाकमान द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक टीएस सिंहदेव की मंौजूदगी में हुई। शाम सात बजे एक बार फिर विधायकों ने झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के आवास का रुख किया। यहां विपक्षी दलों की संयुक्त बैठक में सारे विधायकों ने उपस्थिति दर्ज कराई। निर्णय किया गया कि राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। राजभवन से इस बाबत समय मांगा गया है।
विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने वाली झामुमो पार्टी के विधायक दल की बैठक में हेमंत सोरेन को नेता चुन लिया गया है। राजधानी रांची में मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख शिबू सोरेन के आवास पर बैठक में औपचारिक तौर पर कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को झामुमो विधायक दल का नेता चुन लिया गया। अब पार्टी की ओर से विधिवत नेता चुने जाने के बाद हेमंत सोरेन आज ही शाम में राज्यपाल के पास जाकर महागठबंधन सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नवनिर्वाचित विधायकों की इस बैठक में सभी 30 विधायक मौजूद रहे। अपने नेता हेमंत सोरेन और झारखंड में नई सरकार को गठन को लेकर सभी विधायक खासे उत्साहित दिख रहे हैं। मनोहरपुर की जेएमएम विधायक जोबा मांझी ने कहा कि झारखंड में हमारी मजबूत सरकार बनेगी। झारखंड मुक्ति मोर्चा राज्य के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी। हम झारखंड को विकसित राज्य बनाएंगे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक दल की बैठक के बाद हेमंत सोरेन आपैचारिक तौर पर राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू से मिलकर झामुमो, कांग्रेस और राजद की महागठबंधन सरकार का दावा पेश करेंगे। यहां से न्योता मिलने के बाद झारखंड में नई सरकार की ताजपोशी होगी। अब तक की जानकारी के मुताबिक रांची के मोरहाबादी मैदान में झामुमो नीत सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी शुरू कर दी गई है। हेमंत सोरेन संभवत: मंगलवार को लालू प्रसाद यादव से रिम्स में मिलने जा रहे हैं। वे आज ही दिल्ली जाकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलेंगे और महागठबंधन सरकार के स्वरूप पर चर्चा करेंगे। नई सरकार में झामुमो के पांच, कांग्रेस के पांच और राजद के एक सदस्य को मंत्री बनाने की चर्चा चल रही है।