Jharkhand Election 2019: सपना चौधरी का रोड शो...एक झलक पाने को बीच सड़क पर मारामारी
Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए चुनाव प्रचार को पहुंची हरियाणा की सुपर स्टार लोक गायिका सपना चौधरी ने जामा में रोड शो किया।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 तेरी आंखों का ये काजल...अपने लटके-झटके और सुरों के जादू के लिए ख्यात हरियाणवी लोक गायिका सपना चौधरी ने सोमवार को जामा की गलियां-चौबारों में आग लगा दी। जामा विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू के पक्ष में रोड शो कर रही गायिका सपना चौधरी को देखने के लिए यहां देर तक मारामारी होती रही। सपना का दीदार करने के लिए बच्चे से लेकर जवान तक उतावले नजर आ रहे थे। हर कोई बस एक ही डिमांड कर रहा था, सपना बस एक बार अपनी पसंदीदा गीत सबको सुना दे। इस बीच रोड शो में हजारों नौजवान शामिल हुए। सपना ने सबसे कमल के निशान पर बटन दबाकर भाजपा को जिताने की अपील की। सपना झारखंड में पहली बार चुनाव प्रचार को पहुंची थीं। गायिका सपना चौधरी को देखने केे लिए मारामारी होती रही..
भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू के लिए रोड शो
हरियाणवी लोक गायिका सपना चौधरी ने सोमवार को जामा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू के लिए रोड शो किया। सपना कैराबनी में मुख्यमंत्री की जनसभा के बाद जैसे ही सड़क पर उतरी, उन्हें देखने के लिए सड़क पर मारामारी होने लगी। उनका दीदार करने के लिए बच्चों से लेकर जवान तक उतावले थे। उन्होंने खुली जीप में प्रत्याशी के साथ कैराबनी से लेकर बारापलासी तक रोड शो कर चुनावी तापमान बढ़ा दिया है।
सपना के साथ बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता बाइक से आगे और पीछे चल रहे थे। चिकनिया, जामा, महारो में सपना की एक झलक पाने के लिए सड़कों के अलावा घरों की छत पर लोग खड़े थे। जीप में सवार सपना ने हाथ उठाकर सभी का अभिनंदन किया और लोगों से इशारों में भाजपा प्रत्याशी को वोट देने की अपील की।
चिकनिया में भीड़ के आग्रह पर सपना जीप से नीचे उतरी और लोगों से अपील कि इस बार भाजपा प्रत्याशी को जिताना है। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो देश और राज्य को एक नई दिशा दे सकती है। इसलिए बीस दिसंबर को भाजपा के कमल निशान के सामने बटन दबाना नहीं भूलें। पहली बार जामा प्रखंड में चुनाव प्रचार करने के लिए आयी सपना को लोगों ने सिर आंखों पर बैठा लिया। हर कोई मोबाइल से उनकी तस्वीर कैद करना चाहता था। कई युवा तो उनकी जीप के बोनट पर चढ़ गए। भाजपा के वरीय नेताओं ने किसी तरह से भीड़ को नियंत्रित किया।
दुमका जिले के जामा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार सुरेश मूर्मू के समर्थन में प्रचार करने पहुंची सपना चौधरी ने कहा कि झारखंड में एक बार फिर भाजपा सरकार बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में चल रही विकास योजनओं और जनहित के कार्यों को सपना ने राष्ट्रभक्ति से जोड़ते हुए राज्य में एक मजबूत सरकार बनाने का आह्वान किया।