Move to Jagran APP

Jharkhand Assembly Election 2019: मानगो को राहत दिलाने में सफल, एमजीएम को सुधारने में विफल

Jharkhand Assembly Election 2019. जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक सरयू राय मंत्री रहते हुए भी कंपनी व सरकार से लड़कर क्षेत्र में सुविधाएं दिला रहे हैं।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Wed, 25 Sep 2019 07:11 PM (IST)Updated: Wed, 25 Sep 2019 07:11 PM (IST)
Jharkhand Assembly Election 2019: मानगो को राहत दिलाने में सफल, एमजीएम को सुधारने में विफल
Jharkhand Assembly Election 2019: मानगो को राहत दिलाने में सफल, एमजीएम को सुधारने में विफल

जमशेदपुर, जासं। Jharkhand Assembly Election 2019 - जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र कई मायनों में पूरे प्रदेश में सबसे अलग है। इसी क्षेत्र में शहर के सर्वाधिक संभ्रांत व धनाढ्य रहते हैं, तो देश की सबसे बड़ी निजी इस्पात कंपनी टाटा स्टील भी इसी क्षेत्र में है। इस क्षेत्र के बड़े हिस्से में नागरिक सुविधाएं कंपनी मुहैया कराती है, जबकि लगभग आधे हिस्से मानगो में सरकारी व्यवस्था पर निर्भरता है।

loksabha election banner

लिहाजा इस क्षेत्र के विधायक का लिटमस टेस्ट भी मानगो ही होता है। झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय के लिए भी मानगो की स्थिति सुधारना चुनौती रही है। पिछले पांच साल में इन्हें बहुत हद तक कामयाबी भी मिली है। यहां केवल पेयजल आपूर्ति योजना धरातल पर उतर गई, तो बालीगुमा ग्रिड स्थापित होने के बाद मानगोवासियों को 20-22 घंटे बिजली भी मिल रही है। यहां की सबसे बड़ी समस्या मानगो पुल पर जाम लगने की थी। वर्षों से लोग भारी वाहनों के आवागमन से परेशान थे।

गत वर्ष दोमुहानी-कांदरबेड़ा पुल निर्माण के बाद अब डिमना रोड या मानगो पुल से भारी वाहनों का आवागमन सुबह छह से रात 11 बजे तक नहीं होता। अब न केवल इससे पूरे मानगो की जनता राहत महसूस कर रही है, बल्कि दूसरे शहरों से आने वाले लोग भी मानगो से शहर में प्रवेश करके चैन की सांस लेते हैं। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की एक बड़ी समस्या एमजीएम अस्पताल भी है। इसे सुधारने के लिए सरयू राय पिछले एक साल से लगे हैं।

नियमित रूप से अस्पताल जाने और लगातार सिविल सर्जन, अस्पताल अधीक्षक से लेकर उपायुक्त और स्वास्थ्य सचिव से बात करके इसे सुधारने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। सरयू राय ने तो अंत में यहां तक कह दिया कि इस अस्पताल को सुधारना मेरे बस की बात नहीं है। सरयू राय इस लिहाज से भी अन्य विधायकों से अलग हैं, क्योंकि इन्हें कैबिनेट मंत्री होते भी सरकार और कंपनी से नागरिक सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता है। इसके बावजूद ये अपने क्षेत्र के लोगों का जीवन आसान बनाने में बहुत हद तक कामयाब हुए हैं।

लोगों की प्रतिक्रिया

विधायक सरयू राय जनता के हर बुलावे पर उपलब्ध रहते हैं। सबका फोन रिसीव करते हैं, यह बड़ी खासियत है। किसी भी समस्या में वे समाधान की पहल तुरंत करते हैं। क्षेत्र में उनके प्रयास से कई पार्क का निर्माण हुआ है। -राम लाल, अधिवक्ता (8/10)

विधायक जी यदि शहर में रहे तो छोटे से छोटे कार्यक्रम में भी निमंत्रण देने पर आते हैं। बिना किसी भेदभाव के हर किसी की समस्या का समाधान करते हैं। किसी को भी उनके यहां से निराश नहीं लौटना पड़ता है। -विनीता शाह, गृहिणी (7/10)

विधायक बहुत अच्छे हैं। उन्होंने सोनारी क्षेत्र के लिए बहुत काम किया है। कंपनी क्षेत्र में भी लगभग सभी समाज के लिए सामुदायिक भवन बनाकर दिया है। कुछ और बना रहे हैं। -प्रशांत पोद्दार, स्वर्णकार (9/10)

मेरी नजर में विधायक सरयू राय की सादगी और शालीन व्यवहार सबसे बड़ी खासियत है। वे हर किसी की समस्या के लिए तत्पर हो जाते हैं, तो उसे समाधान भी दिलाने की कोशिश करते हैं। -जगन्नाथ महंती, सामाजिक कार्यकर्ता (7/10)

सरयू राय की सबसे बड़ी खासियत है कि वे छोटी-छोटी सी बात पर भी बड़ी दूर की सोच रखते हैं। किसी भी समस्या के दीर्घकालिक परिणाम को ध्यान में रखकर काम करते हैं। इसका फायदा भी लोगों को मिलता है। -जवाहरलाल शर्मा, मानवाधिकार कार्यकर्ता (8/10)

विधायक निधि का खर्च

वित्तीय वर्ष : खर्च का प्रतिशत

2015-16 : 100

2016-17 : 100

2017-18 : 100

2018-18 : 100

2019-20 : 75

विधानसभा क्षेत्र : जमशेदपुर पश्चिम

कुल वोटर : 3,43,270

महिला वोटर : 1,63,366

पुरुष वोटर : 1,79,903

साक्षरता दर : 80 फीसद

मानगो को नगर निगम बनाना लक्ष्य

पहली बार 2005 में जब विधायक बनने पर मानगो क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या पेयजल संकट थी। इसके लिए पहले कार्यकाल में ही मानगो जलापूर्ति योजना का शिलान्यास करा दिया था। चूंकि उसके तुरंत बाद चुनाव आ गया, जिसमें चुनाव नहीं जीत सका। इसके बाद पांच साल तक इस योजना पर कोई काम नहीं हुआ। 2014 में आया तो इसे धरातल पर उतारा। अगला लक्ष्य मानगो को नगर निगम बनाना है। हालांकि इसकी स्वीकृति मिल गई है, लेकिन तकनीकी कारणों से निगम का चुनाव नहीं हो पा रहा है। इसके बनने से क्षेत्र का तेजी से विकास होगा।  -सरयू राय, विधायक।

कांदरबेड़ा पुल व बालीगुमा ग्रिड मेरी देन

सोनारी के दोमुहानी से कांदरबेड़ा के लिए जो पुल बना है, उसे मैंने कैबिनेट से स्वीकृत कराया था। यह अलग बात है कि 2014 में जब सरयू राय विधायक बने तो इसे दोबारा विधानसभा में लाकर स्वीकृत कराया। यही हाल बालीगुमा ग्रिड के साथ भी हुआ। इसमें भी मेरे का काम श्रेय सरयू राय ने लेने की कोशिश की। इन्होंने पांच साल का कीमती समय, जो जनता को मिलना चाहिए था, मुख्यमंत्री से लडऩे में खर्च कर दिया। एमजीएम अस्पताल को सुधार नहीं सके, तो कहते हैं कि यह मेरे क्षेत्र में नहीं पड़ता है। इनके खोले गए सभी मोहल्ला क्लीनिक उद्घाटन के बाद से बंद हैं। -बन्ना गुप्ता, पूर्व विधायक व प्रमुख प्रतिद्वंद्वी।

विधानसभा चुनाव 2019 का परिणाम

1. सरयू राय (भाजपा) : 95,346

2. बन्ना गुप्ता (कांग्रेस) : 84,829

लोकसभा चुनाव 2019 का परिणाम जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र

1. विद्युत वरण महतो (भाजपा) : 1,21,794

2. चंपई सोरेन (झामुमो) : 62,391


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.