Jharkhand Election 2019: झारखंड चुनाव में मनोज तिवारी का जुदा अंदाज...भोजपुरी में संवाद-गीतों से बांधा समां
Jharkhand Assembly Election 2019 अपनी सभाओं में तिवारी ने भोजपुरी में संवाद कर लोगों के दिलों तक पहुंचने की कोशिश की। चतरा कोडरमा बरकट्ठा और रांची के धुर्वा में जनसभा की।
रांची, जेएनएन। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद मनोज तिवारी ने बुधवार को रांची, कोडरमा, हजारीबाग और चतरा में कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया। अपनी सभाओं में तिवारी ने भोजपुरी में संवाद कर लोगों के दिलों तक पहुंचने की कोशिश की। भोजपुरी गीत गाकर समां भी बांधा। तिवारी ने चतरा, कोडरमा, बरकट्ठा के साथ-साथ रांची के धुर्वा में भी जनसभा की। धुर्वा में विशेष विशेषतौर पर एचईसी सेवानिवृत्त कर्मियों के बकाया एरियर और इस क्षेत्र के बचे हुए विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने का भरोसा दिलाया।
मनोज तिवारी ने कहा कि झारखंड में डबल इंजन की सरकार ने जो कुछ किया वह पूरे हिंदुस्तान के लिए मिसाल है। उन्होंने विशेषतौर पर आयुष्मान योजना, घर-घर शौचालय, आवास, पेंशन, गैस कनेक्शन जैसी योजनाओं का जिक्र किया। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड की रघुवर सरकार ने हर वर्ग के लिए काम किया है। सभा को संबोधित करते हुए मनोज तिवारी ने कहा की चाहे महिलाओं को पेंशन देने की बात हो या फिर खेती-बाड़ी में जुटे किसानों को मिलने वाली पेंशन हो। सभी का टेंशन खत्म कर भाजपा की सरकार ने हर जाति और सभी उम्र के लोगों को पेंशन दे रही है।
मौके पर उन्होंने दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब आप गूगल पर फर्जीवाड़ा सर्च करेंगे तो दिल्ली के सीएम केजरीवाल का नाम आएगा और जब गूगल पर भिखारी सर्च करेंगे तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का नाम नजर आएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। आज हालात ऐसा बन गया है कि जब तक पाकिस्तान कुछ सोची तब तक हमनी के सेना उनकर सोचे से पहले ही ठोक दीं।
अपने अंदाज में दिखे मनोज तिवारी, गाने भी सुनाए
सांसद मनोज तिवारी ने झारखंड की विभिन्न चुनाव सभा में अपने पुराने अंदाज में दिखे। चिर-परिचित अंदाज से लोगों से मुखातिब हुए। कहा- सभे मन के जोहार, आ गइल बानीजा तोरा मनोज तिवारी..। भोजपुरी सिनेमा के इस सिने स्टार ने एक से बढ़कर एक भोजपुरी गीत गाकर खूब तालियां बटोरी। कोडरमा पहुंचने के बाद मनोज तिवारी ने कहा कि हमनी के सरकार लोगन के टेंशन ना पेंशन देले बा..।