Jharkhand Assembly Election 2019: सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर
Jharkhand Assembly Election 2019. झारखंड कांग्रेस ने मंगलवार को कार्यशाला का आयोजन किया। विधानसभा चुनाव में इसके इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - विधानसभा चुनाव में सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इस दौरान कांग्रेस के सोशल मीडिया चेयरमैन रोहन गुप्ता ने कहा कि विधानसभा चुनाव में सोशल मीडिया विभाग की बहुत बड़ी भूमिका होगी। इसके माध्यम से संगठन के हर प्रमुख बातें आमजनों एवं कार्यकर्ताओं को पहुंचाने में आसानी होगी।
साथ ही, सोशल मीडिया में झूठ और गलत बातों से लोगों को गुमराह करने का षडयंत्र किया जा रहा है, उसकी सच्चाई भी लोगों तक पहुंचानी है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि सोशल मीडिया अब लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। यह बहुत बड़ा नेटवर्क है, हमारी पार्टी के हर नेता व कार्यकर्ता इसका उपयोग कर रहे हैं। इसका लाभ पार्टी को मिल रहा है। इसे ओर तेजी से कार्य करने की जरूरत है। आलमगीर आलम ने कहा कि हम 21वीं सदी में पहुंच गए हैं।
पहले चुनाव जनसंपर्क के द्वारा लड़ते थे। अब मोबाइल से दुनिया की सभी सूचना मिल जाती है। भाजपा इसका उपयोग कर सत्ता में आई है। हमारे पार्टी के कार्यकर्ता है, फॉलोवर्स हैं, इसके माध्यम से हम प्रचार प्रसार कर सकते है। इस कार्यक्रम में अजय शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राजेश ठाकुर उपस्थित थे।