Move to Jagran APP

झारखंड नामधारी पार्टियां नहीं चाहती गरीबों का विकास : रघुवर

भाजपा के मंडल प्रवास कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री रघुवर दास बुधवार को खिजरी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। कहा कि झारखंड नामधारी पार्टियां गरीबों का विकास नहीं चाहती है।

By Edited By: Published: Thu, 12 Sep 2019 04:41 AM (IST)Updated: Thu, 12 Sep 2019 08:00 AM (IST)
झारखंड नामधारी पार्टियां नहीं चाहती गरीबों का विकास : रघुवर
झारखंड नामधारी पार्टियां नहीं चाहती गरीबों का विकास : रघुवर

खिजरी (रांची) : भाजपा के मंडल प्रवास कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री रघुवर दास बुधवार को खिजरी की हुवागहातु पंचायत के ककड़ा गाव पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और झारखंड नामधारी पार्टिया नहीं चाहतीं कि गरीबों के घर तक विकास पहुंचे। झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें डर था कि अगर गरीबों के घर तक बिजली, शुद्ध पेयजल, शिक्षा और अन्य सुविधाएं पहुंच गईं और वे जागरूक हो गए तो उन्हें दिशोम गुरु कौन कहेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यकताओं से चुनाव के लिए जी जान से जुट जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता गाव-गाव, गली-गली और घर-घर घूमकर गरीबों के लिए बनाई गई योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल, जंगल और जमीन का नारा देकर आदिवासियों को छलने वालों ने ही कानून का उल्लंघन कर आदिवासियों की जमीन अपने नाम कर ली। सीएनटी-एसपीटी एक्ट का उल्लंघन कर सोरेन परिवार ने 500 करोड़ की जमीन खरीदी।
उन्होंने आगे कहा कि हम शासन करने नहीं, सेवा करने आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में राष्ट्रविरोधी शक्तियां उग्रवादियों के साथ मिलकर राज्य में अफीम की खेती को बढ़ावा देने का काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद 14 वर्ष तक झारखंड को बिचौलिये लूटते रहे। अब एक बार फिर से यही लोग गठबंधन बना रहे हैं।
60 दशक तक राज करने वाली काग्रेस पार्टी ने देश के किसानों को कर्जदार बना दिया। कार्यक्रम को रांची सांसद संजय सेठ और खिजरी विधायक रामकुमार पाहन ने भी संबोधित किया। गिनाई सरकार की उपलब्धियां मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के साथ ही किसानों की समृद्धि के प्रयास शुरू हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना व मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का विशेष तौर पर जिक्र किया। कहा, झारखंड के 35 लाख किसानों को इन दोनों योजनाओं से न्यूनतम 11 हजार व अधिकतम 31 हजार रुपये हर वर्ष प्राप्त होंगे। यह डबल इंजन की सरकार होने का फायदा है। इस दौरान उन्होंने उज्ज्वला, आयुष्मान, मुख्यमंत्री सुकन्या योजना समेत कई योजनाओं का जिक्र किया।

loksabha election banner

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.