Jharkhand Election Result 2019: भाजपा की हार के बाद CM रघुवर दास ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा
Jharkhand Election Result 2019 सोमवार देर शाम मुख्यमंत्री रघुवर दास राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू से सोमवार शाम को मिलने पहुंचे। सीएम ने गवर्नर को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
रांची, जेएनएन। Jharkhand Election Result 2019 झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के साथ सत्ता में बदलाव के असर दिखने लगे हैं। भारतीय जनता पार्टी की चुनाव में हार के चलते सत्ता से बेदखल होने के बाद सोमवार देर शाम मुख्यमंत्री रघुवर दास राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू से मिलने पहुंचे। सीएम ने गवर्नर को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। सीएम ने बीजेपी की हार की नैतिक जिम्मेवारी लेते हुए कहा कि वे जनादेश का सम्मान करते हैं। झारखंड के लोगों ने इतने साल तक सेवा का मौका दिया, इसके लिए सबका आभार। सीएम ने कहा कि हार और जीत के कई कारण होते हैं, हम अपने हार के कारणों की पड़ताल करेंगे।
सीएम ने कहा कि हमने राज्य के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने की पूरी कोशिश की। नए झारखंड के निर्माण में हम पूरा सहयोग करेंगे। सीएम ने हार के कारणाें की समीक्षा करने की बात कही। कहा कि भाजपा की राजनीति सत्ता के लिए नहीं, सेवा के लिए होती है। हार के लिए आजसू के साथ नहीं होने को सीएम ने एक कारण बताया। सीएम ने हेमंत सोरेन को जीत की बधाई दी।
इधर चुनावी नतीजे आने का क्रम जारी है। अब तक महागठबंधन के खाते में 46 सीटें आ गई हैं। भाजपा 26 सीटों पर सिमटती दिख रही है। जबकि आजसू के खाते में दो सीटें आई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी क पार्टी जेवीएम को 3 सीटें हासिल हुई हैं।
जनादेश स्वीकार, हमने पूरी ईमानदारी से काम किया : रघुवर
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने चुनावी रुझान के बीच दोपहर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जो भी आंकड़े आ रहे हैं, उसका वे स्वागत करते हैं। जनादेश स्वीकार है। उन्होंने राज्य की सवा तीन करोड़ जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि अलग राज्य बनने के बाद पूर्ण बहुमत की सरकार के तहत हमने पूरी ईमानदारी से काम किया और अपने स्तर से पूरी कोशिश की। जो भी जनादेश आया है, उसे स्वीकार करेंगे।
मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपने के बाद रघुवर दास मुख्यमंत्री आवास के सभी कर्मचारियों से मिले। उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य की शुभकामनाएं दी। इसी तरह कर्तव्यनिष्ठ होकर काम करने को कहा। साथ ही कहा कि उनकी किसी बात से यदि किसी को ठेस पहुंची है तो इसके लिए वे क्षमा प्रार्थी हैं।
यह खबर लगातार अपडेट हो रही है। ताजा जानकारी के लिए बने रहें हमारे साथ...