Jharkhand Assembly Election 2019: CM Raghubad Das ने निरसा की जनता से पूछा-जब वामपंथी पूरे विश्व में हो चुके खत्म, आप क्यों ढो रहे?
सीएम रघुवर दास ने कहा कि निरसा में कमल फूल खिलाकर अपर्णा सेनगुप्ता को विधायक बनाएं। चुनाव के बाद विकास का ब्लूप्रिंट लेकर निरसा पुन आऊंगा।
निरसा, जेएनएन। निरसा विधानसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी अपर्णा सेनगुप्ता के पक्ष में शुक्रवार को सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मोर्चा संंभाला। शनिवार को चौथे चरण का चुनाव प्रचार खत्म होने से एक दिन पहले मुख्यमंत्री ने निरसा विधानसभा में पूरा जोर लगाया। मैथन से चिरकुंडा होते हुए कलियासोल तक रोड शो और कलियासोल में जनसभा कर भाजपा समर्थक व कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
मुख्यमंत्री शुक्रवार दिन में 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से मैथन के गोगना घाट पर उतरे। इसके बाद खुली जीप पर सवार होकर सांसद पीएन सिंह व भाजपा प्रत्यााशी अपर्णा सेनगुप्ता के साथ रोड शो किया। रोड शो मैथन छठ घाट मैदान से आरंंभ होकर संजय चौक, कुमारधुबी, चिरकुंडा चौक, पतलाबाड़ी होते हुए दो बजे कलियासोल इंटर कॉलेज मैदान पहुंचा। जहां मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लाल झंडे पर निशाना साधा। रघुवर दास बोले कि वामपंथी देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व से समाप्त हो चुके हैं तो आप लोग क्यों लाल झंडे को ढो रहे हो। लाल झंडा वाले लोग मजदूर के नाम पर राजनीति करते हैं। सबसे ज्यादा शोषण मजदूरों का ही करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निरसा में कमल फूल खिलाकर अपर्णा सेनगुप्ता को विधायक बनाएं। चुनाव के बाद विकास का ब्लूप्रिंट लेकर निरसा पुन: आऊंगा। मजदूरों का क्या दर्द होता है मुझसे अच्छा कौन जानता है। मैं स्वयं 15 सालों तक टाटा स्टील में मजदूर था। निरसा के मजदूरों के दिन बहुरेंगे। निरसा विधानसभा के सभी भठ्ठों को लिंकेज का कोयला देकर चालू किया जाएगा। निरसा एवं गोविंदपुर के ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 700 करोड़ की लागत से निरसा-गोविंदपुर ग्रामीण मेगा जलापूर्ति योजना चालू करवाया गया। अगले साल तक पाइप लाइन से जलापूर्ति शुरू हो जाएगी। जनसभा को सांसद पीएन सिंह, भाजपा प्रत्याशी अपर्णा सेनगुप्ता, काजल नाग, संजय सिंह, विजय मंडल, श्यामल दा, जानकी दे, हराधन भारती, गोपाल भारती, असीम गोप, सीमंतो मंडल, भोला चटर्जी आदि ने संबोधित किया। चुनावी सभा की अध्यक्षता निताई चटर्जी व संचालन मुन्ना सिंह ने किया।