Jharkhand Assembly Election 2019: बाघमारा में 'बाघ' का शिकार करने पहुंचे बघेल, भाजपा सरकार पर बोला हमला
चुनाव में टाइगर ढुलू महतो को परास्त करने के लिए कांग्रेसी जोर लगा रहे हैं। टाइगर के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी जोर लगाया।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election-2019 में कांग्रेस के प्रचार की कमान संभाल रहे छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। उन्होंने सिजुआ स्टेडियम में कांग्रेस की जनसभा को संबोधित करते हुए रघुवर दास के नेतृत्व वाली झारखंड की भाजपा सरकार और बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो पर जमकर हमला बोला। साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी जलेश्वर महतो को चुनाव जिताने के लिए जनता से अपील की।
कांग्रेस ने बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो को प्रत्याशी बनाया है। महतो लोकसभा चुनाव से पहले झारखंड प्रदेश जदयू के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हुए थे। जलेश्वर का मुकाबला बाघमारा में भाजपा के बाहुबली विधायक ढुलू महतो से है। बाघमारा में ढुलू टाइगर के नाम से चर्चित हैं। चुनाव में टाइगर को परास्त करने के लिए कांग्रेसी जोर लगा रहे हैं। टाइगर के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी गुरुवार को जोर लगाया।