रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत चार दौर का मतदान संपन्न होने के बाद सियासी जंग संताल पहुंच गया है। पांचवें व अंतिम दौर में संताल प्रमंडल की 16 सीटों पर 20 दिसंबर को मतदान होगा। मतदान शुरू होने के 48 घंटे पहले इन सभी सीटों पर बुधवार को चुनाव प्रचार खत्म हो जाएगा। सो, अंतिम दिन सभी दल और प्रत्याशी अपना पूरा जोर लगाएंगे।
इस दौर के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन, मंत्री लुइस मरांडी, मंत्री रणधीर सिंह, पूर्व मंत्री प्रदीप यादव, पूर्व स्पीकर आलमगीर आलम जैसे दिग्गजों की प्रतिष्ठा जुड़ी है। हेमंत दो सीटों दुमका और बरहेट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस दौर में एक वर्तमान विधायक को छोड़ सभी चुनावी मैदान में हैं। केवल लिट्टीपाड़ा से वर्तमान विधायक साइमन मरांडी ही चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। उन्होंने झामुमो के टिकट पर ही अपने बेटे दिनेश विलियम मरांडी को चुनाव मैदान में उतारा है। इस चुनाव में वर्तमान विधायक व पूर्व मंत्री नलिन सोरेन पर भी नजरें रहेंगी, जो सातवीं बार लगातार जीत हासिल कर अपना ही रिकार्ड तोड़ेंगे या फिर उनकी लगातार जीत का पहिया थमेगा।
कई दलबदलुओं पर भी रहेगी नजरें
इस चरण में कई नेता दल बदलकर भी चुनाव लड़ रहे हैं। इन नेताओं पर भी नजर रहेगी। वर्तमान विधायकों में ताला मरांडी इस बार भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद आजसू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह, अकील अख्तर तथा एमटी राजा झामुमो से टिकट नहीं मिलने पर आजसू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा के प्रवक्ता रहे प्रवीण प्रभाकर अलग होकर नेशनल पीपुल्स पार्टी के टिकट पर नाला से चुनाव लड़ रहे हैं।
29 महिलाएं व 76 निर्दल लड़ रहे चुनाव
अंतिम दौर की सीटों पर कुल 29 महिलाएं चुनाव लड़ रही हैं। दो सीटों महेशपुर तथा पोडय़ाहाट में एक भी महिला प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ रही है। दूसरी तरफ, इस चरण में कुल 76 निर्दल भी चुनाव लड़ रहे हैं।
यहां इतने प्रत्याशी
विस सीट - कुल प्रत्याशी - महिला प्रत्याशी - निर्दल प्रत्याशी
राजमहल - 23 - 01 - 11
बोरियो - 12 - 01 - 02
बरहेट - 12 - 03 - 03
लिट्टीपाड़ा - 11 - 01 - 04
पाकुड़ - 11 - 01 - 01
महेशपुर - 12 - 00 - 03
शिकारीपाड़ा - 13 - 02 - 03
नाला - 16 - 02 - 01
जामताड़ा - 13 - 02 - 04
दुमका - 13 - 03 - 03
जामा - 15 - 02 - 09
जरमुुंडी - 26 - 04 - 12
सारठ - 21 - 01 - 10
पोडय़ाहाट - 08 - 00 - 01
गोड्डा - 14 - 02 - 03
महगामा - 17 - 04 - 06
कुल - 237 - 29 - 76