Jharkhand Assembly Election 2019: संताल परगना में हेमंत सोरेन की घेराबंदी में जुटी भाजपा
Jharkhand Assembly Election 2019. प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा दुमका के बाद मंगलवार को बरहेट में होगी। इससे पहले 15 दिसंबर को उन्होंने दुमका में रैली की थी।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को संताल परगना प्रमंडल के भोगनाडीह में जनसभा करेंगे। भोगनाडीह संताल के अमर शहीद सिदो-कान्हू की जन्मस्थली है। विधानसभा क्षेत्र बरहेट है, जहां से भाजपा के परंपरागत प्रतिद्वंद्वी झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन चुनाव लड़ रहे हैं। संताल में प्रधानमंत्री की दो दिनों के अंतराल पर यह दूसरी सभा है। इससे पहले 15 दिसंबर को उन्होंने दुमका में रैली की थी। हेमंत दुमका से भी चुनाव मैदान में हैं।
प्रधानमंत्री की दुमका के बाद बरहेट में जनसभा के मायने स्पष्ट है। भाजपा हेमंत को दुमका या बरहेट के रास्ते रांची पहुंचने से रोकना चाहती है और इसके लिए मजबूत घेराबंदी की जा रही है। संताल परगना झामुमो का गढ़ माना जाता है, लेकिन पिछले कुछ अर्से से भाजपा यहां सेंध लगाने में काफी हद तक सफल रही है। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को संताल की 18 में से सात सीटों पर जीत हासिल हुई थी, जबकि झामुमो को छह पर। हेमंत सोरेन वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में दुमका व बरहेट से चुनाव लड़े थे।
दुमका में उन्हें भाजपा प्रत्याशी लुइस मरांडी ने पांच हजार से अधिक वोटों से मात दी थी, जबकि बरहेट मेें उन्होंने भाजपा प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू को 24 हजार से अधिक वोटों से पराजित किया था। लोकसभा चुनाव में झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन को भाजपा प्रत्याशी सुनील सोरेन से हार का सामना करना पड़ा था। लोकसभा चुनाव के परिणामों से उत्साहित भाजपा ने अपना पूरा जोर संताल में लगा रखा है। मुख्यमंत्री समेत भाजपा की पूरी कोर टीम संताल में कैंप किए हुए हैं।