Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा का दावा, एनडीए गठबंधन का कोई मुकाबला नहीं
Jharkhand Assembly Election 2019. प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदवे ने कहा कि एक तरफ डबल इंजन की सरकार और दूसरी तरफ बिना इंजन का ठगबंधन है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर झारखंड सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए दावा किया है कि विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन का किसी से मुकाबला ही नहीं है। सोमवार को प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में स्थिर सरकार देकर जनता ने देश और प्रदेश से राजनीतिक अस्थिरता का वातावरण समाप्त किया है।
इसके परिणामस्वरूप डबल इंजन की सरकार ने विकास की एक नई इबारत लिखी है। उन्होंने विपक्षी दलों पर तंज भी कसा। कहा कि एक तरफ डबल इंजन की सरकार है और दूसरी तरफ बिना इंजन का ठगबंधन। प्रतुल ने किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों, युवाओं के लिए किए गए सरकार के कार्यों को मीडिया से साझा करते हुए बताया कि सरकार ने सभी को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर झारखंडवासियों को स्वावलंबी बनाया है।
शाहदेव ने कहा कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलना रघुवर सरकार की प्राथमिकता रही है। यही कारण है कि आज आदिवासी समाज तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस सरकार ने न केवल अनुसूचित जनजाति आयोग का गठन किया, बल्कि आदिवासियों के अगुवा जैसे मानकी, मुंडा, पाहन आदि को एक हजार से तीन हजार तक सम्मान राशि देकर उन्हें सामाजिक सम्मान भी दिया। इस मौके पर मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे।