Jharkhand Election 2019 Phase 3 Voting: भाजपा का दावा, कोई नहीं है टक्कर में-तीसरे चरण में अधिकतर सीटें हमारी
Jharkhand Election 2019 Phase 3 Voting महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि अब तक का रूझान बता रहा है कि भाजपा की टक्कर में कोई नहीं है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Election 2019 Phase 3 Voting झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण की चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के साथ ही जीत के दावों का दौर भी शुरू हो गया है। भाजपा ने वोटिंग के बाद कहा कि तीसरे चरण का रुझान पार्टी के लिए सुखद है। अब तक हुई तीन चरणों के चुनाव में भाजपा ने अधिकतर सीटों पर जीत का दावा भी किया। गुरुवार को भाजपा के मीडिया सेंटर में महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि अब तक का रूझान बता रहा है कि भाजपा की टक्कर में कोई नहीं है।
दीपक प्रकाश ने कहा कि जनता ने स्थायित्व को समर्थन दिया है। लोग भाजपा को पसंद कर रहे हैं। शेष दो चरणों के चुनाव में भी भाजपा अपनी बढ़त बनाए रखेगी। दीपक प्रकाश ने कहा कि अभी तक झारखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य नेताओं की सभा में जनता की जबरदस्त भीड़ रही। अनुच्छेद 370, राम जन्मभूमि मामले में फैसला, नागरिकता संशोधन बिल सहित अन्य मुद्दों पर भाजपा के मजबूत नेतृत्व ने जो फैसले लिए, उसे जनता का समर्थन मिला।
इसी तरह, राज्य में महिलाओं, किसानों, मजदूरों, युवाओं सहित अन्य मुद्दों पर भाजपा ने मजबूती से निर्णय लिया और आम जनता के पक्ष में काम किए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि झामुमो चुनाव से पहले ही हार चुका है। संताल हाथ से खिसकता देख झामुमो नेता अनापशनाप आरोप लगा रहे हैं। हार का ठीकरा भाजपा पर फोड़ना चाहते हैं। झामुमो अपने काले कारनामों के लिए विख्यात नहीं कुख्यात है। संवाददाता सम्मेलन में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी संजय जायसवाल एवं तारीख इमरान उपस्थित थे।