Jharkhand Assembly Election 2019: अब अपने सबसे मजबूत दुर्ग में भाजपा को लड़नी है लड़ाई
Jharkhand Assembly Election 2019. इन दो चरणों में 32 सीटों पर चुनाव होना है। लोकसभा चुनाव में यहां प्रचंड लहर दिखी थी।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - सत्ता के दो चुनौतीपूर्ण दुर्ग से निपट चुकी भाजपा अब अपने सबसे मजबूत दुर्गों में चुनाव लडऩे जा रही है। तीसरे और चौथे चरणों में जिन विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव होने हैं, वहां की पिच भाजपा के अनुकूल रही है। यहां जिन 32 सीटों पर चुनाव हुए थे वहां 18 भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी तो चुनाव के बाद दूसरे दलों के छह विधायक भी कमल दल के पाले में आ गए थे। 32 में आठ सीटों पर भाजपा दूसरे स्थान पर थी।
स्पष्ट है कि 60 फीसद सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। जबकि झामुमो और कांग्रेस को क्रमश: चार व दो सीटें हासिल हुई थी। झाविमो के खाते में चार और आजसू ने दो सीटों पर जीत दर्ज की थी। मासस व माले को एक-एक सीट हासिल हुई थी। झाविमो के जीते हुए चारों विधायक पाला बदल भाजपा में शामिल हो गए थे। कांग्रेस और झामुमो के एक-एक विधायक भी भाजपाई हो गए। पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा ने अगले दो चरणों के लिए 22 सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
लोकसभा में तो भाजपा-आजसू ने सभी विधानसभा सीटों पर बनाई थी बढ़त
2019 के लोकसभा चुनाव में तो विपक्ष खासा कमजोर साबित हुआ था। भाजपा और उसकी तत्कालीन सहयोगी आजसू ने सभी विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। पिछले चुनाव परिणाम निश्चित तौर पर भाजपा का मनोबल बढ़ा रहे हैं। लेकिन एक हकीकत यह भी है कि पिछले चुनावों में उसकी सहयोगी रही आजसू इस बार उसके साथ नहीं है। भाजपा की पिछली जीत में आजसू का भी अहम योगदान रहा है।
तीसरे और चौथे चरण की कई सीटें ऐसी हैं, जिनमें आजसू का प्रभाव अब बना हुआ है। आजसू का खुद का भी मानना है तीसरा और चौथा द्वारा ही उसे बढ़त दिलाएगा। आजसू की बढ़त विपक्ष से कहीं अधिक नुकसानदेह भाजपा के लिए साबित होने वाली है। इस बार विपक्ष ने भी इन सभी सीटों पर मजबूत घेराबंदी की है। भाजपा को इस चुनाव में अपनी अंदरूनी कलह से भी जूझना पड़ रहा है।
चार मंत्री समेत 20 मौजूदा विधायकों को उतारा
भाजपा ने तीसरे और चौथे चरण के चुनाव में खुद के और आयातित कुल 20 विधायकों पर दांव लगाया है। इनमें मंत्री सीपी सिंह, राज पलिवार, नीरा यादव और अमर कुमार बाउरी भी शामिल हैं। यह स्थिति तब है जब पार्टी ने चार मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं। सिमरिया, सिंदरी, कांके व झरिया के मौजूदा विधायकों के टिकट पार्टी ने काटे हैं। हालांकि, झरिया में विधायक की पत्नी को टिकट दिया गया है। चुनाव से कुछ दिन पूर्व भाजपा में कांग्रेस से शामिल हुए मनोज यादव और झामुमो छोड़ पार्टी में शामिल हुए जय प्रकाश भाई पटेल को भी उम्मीदवार बनाया गया है।
तीसरा चरण के पिछले चुनाव परिणाम
विधानसभा क्षेत्र 2014 विधानसभा 2019 लोकसभा
कोडरमा भाजपा भाजपा
बरकट्ठा झाविमो भाजपा
बरही कांग्रेस भाजपा
बड़कागांव कांग्रेस भाजपा
रामगढ़ आजसू भाजपा
मांडू झामुमो भाजपा
हजारीबाग भाजपा भाजपा
सिमरिया झाविमो भाजपा
धनवार माले भाजपा
गोमिया झामुमो आजसू
बेरमो भाजपा आजसू
ईचागढ़ भाजपा भाजपा
सिल्ली झामुमो भाजपा
खिजरी भाजपा भाजपा
रांची भाजपा भाजपा
हटिया झाविमो भाजपा
कांके भाजपा भाजपा
चौथे चरण के पिछले चुनाव परिणाम
मधुपुर भाजपा भाजपा
देवघर भाजपा भाजपा
बगोदर भाजपा भाजपा
जमुआ भाजपा भाजपा
गांडेय भाजपा भाजपा
गिरिडीह भाजपा आजसू
डुमरी झामुमो आजसू
बोकारो भाजपा भाजपा
चंदनक्यारी झाविमो भाजपा
सिंदरी भाजपा भाजपा
निरसा मासस भाजपा
धनबाद भाजपा भाजपा
झरिया भाजपा भाजपा
टुडी आजसू आजसू
बाघमारा भाजपा आजसू