Jharkhand Election 2019: हेमंत के 'गेरुआ' बयान पर करें देशद्रोह का केस, चुनाव आयोग पहुंची भाजपा
Jharkhand Assembly election 2019 हेमंत सोरेन ने प्रियंका गांधी की सभा में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था...
खास बातें
- हेमंत के बयान के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची भाजपा
- हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया बयान
- हेमंत सोरेन और प्रियंका गांधी के खिलाफ देशद्रोह के तहत मामला दर्ज करने की मांग
रांची, राज्य ब्यूरो : झारखंड विधानसभा चुनाव में अंतिम चरण के प्रचार के अंतिम दिन पाकुड़ में झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन द्वारा दिए गए वक्तव्य को भाजपा ने मुद्दा बनाते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत की है। भाजपा ने हेमंत के बयान को हिंदुु भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया है। इतना ही नहीं, भाजपा ने इस बयान के आधार पर हेमंत सोरेन और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ देशद्रोह के तहत मामला दर्ज कर दंडित करने का भी अनुरोध किया है। भाजपा चुनाव आयोग संपर्क विभाग के प्रदेश सह संयोजन सुधीर श्रीवास्तव के स्तर से सौंपे गए ज्ञापन की प्रति मुख्य चुनाव आयुक्त, दिल्ली को भी भेजी गई है।
प्रेषित ज्ञापन में भाजपा ने कहा कि हेमंत सोरेन के बयान से न सिर्फ झारखंड में रहने वाले हिंदुओं, बल्कि देश के करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को चोट पहुंची है। उक्त रैली में मंच पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। प्रियंका गांधी ने हेमंत सोरेन को रोकने की कोशिश नहीं की और सार्वजनिक रूप से इसकी निंदा भी नहीं की। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि हेमंत के उक्त बयान पर प्रियंका की भी सहमति थी।
हिंदू धर्म के अपमान का बदला लेगी झारखंड की जनता : लक्ष्मण गिलुवा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने हेमंत सोरेन के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। गिलुवा ने कहा कि हेमंत सोरेन ने पाकुड़ की चुनावी सभा में सार्वजनिक रूप से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व समस्त साधु-संतों को बहन-बेटियों की इज्जत लूटने वाला कहा है। हेमंत ने अपने बयान से समस्त ङ्क्षहदू धर्मावलंबियों का अपमान किया है। यह दुर्भाग्यजनक है कि उसी मंच पर मौजूद कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने भी उन्हें नहीं रोका। इससे साफ स्पष्ट होता है कि कांग्रेस भी इस बयान के साथ है।
गिलुवा ने कहा, हिंदुओं का अपमान करना कांग्रेस के डीएनए में है। उनके नेता भगवान राम के अस्तित्व को नकार चुके हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत तुरंत अपने इस बयान पर माफी मांगें। चुनाव प्रचार का यह मतलब नहीं कि हेमंत कुछ भी बोल दें। कहा, अगर कोई संतों को गाली देगा, तो वह हमें बर्दाश्त नहीं। झारखंड की जनता हिंदू धर्म के इस अपमान का बदला जरूर लेगी।