Move to Jagran APP

Amit Shah in Jharkhand: शाह बोले, नागरिकता विधेयक के नाम पर देशभर में दंगा भड़का रही कांग्रेस

Amit Shah ने यूपीए शासनकाल में कोयला घोटाला के लिए कांग्रेस पर हमला बोला। कहा- कांग्रेस ने कोयला घोटाला किया और हमने पारदर्शी व्यवस्था बनाकर आक्शन।

By Alok ShahiEdited By: Published: Sat, 14 Dec 2019 12:48 PM (IST)Updated: Sat, 14 Dec 2019 10:09 PM (IST)
Amit Shah in Jharkhand: शाह बोले, नागरिकता विधेयक के नाम पर देशभर में दंगा भड़का रही कांग्रेस
Amit Shah in Jharkhand: शाह बोले, नागरिकता विधेयक के नाम पर देशभर में दंगा भड़का रही कांग्रेस

धनबाद, जेएनएन। Amit Shah Rally in Jharkhand भारतीय जनता पार्टी के अध्‍यक्ष अमित शाह ने  कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक के नाम पर कांग्रेस देशभर में लोगों को उकसाकर दंगे भड़का रही है। आज तक हिंदु-मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करती आई कांग्रेस का चेहरा अब बेनकाब हो गया है। वे लगातार दुष्‍प्रचार कर लोगों को बांटने में लगे हैं। शाह ने कहा कि राहुल बाबा 55 साल का हिसाब नहीं देते और मोदी सरकार जब तीन तलाक, 370 पर कानून बनाती है, तो उसे दर्द होता है। सुप्रीम कोर्ट के अयोध्‍या के राम मंदिर के फैसले पर भी उसकी जुबान सील जाती है। शाह ने कहा कि देश में अब मौनी बाबा की सरकार नहीं है, आपकी दी हुई ताकत से कड़े और बड़े फैसले करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार चल रही है। उन्‍होंने लोगों से मोबाइल हाथ में ऊपर उठाकर संकल्‍प कराया कि यहां से जाकर कम से कम 50 लोगों को फोन कर भाजपा को वोट देने की अपील करें ताकि एक बार फिर से झारखंड में भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बन सके।

prime article banner

भाजपा अध्‍यक्ष ने शनिवार को झारखंड के गिरिडीह और देवघर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि उन्‍होंने दस साल के यूपीए शासन में झारखंड के लिए क्‍या किया, गरीब आदिवासियों के विकास के लिए कितने पैसे दिए। लुटेरी कांग्रेस और उसके साथ झामुमो ने मिलकर सिर्फ और सिर्फ अपनी थैलियां भरी, जनता के लिए कुछ नहीं किया। शाह ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस वाले जब वोट मांगने आए तो उनसे इतने साल का हिसाब मांगें, वे उल्‍टी पैर वापस लौट जाएंगे। गिरिडीह स्‍टेडियम में जनमानस के साथ जुड़ते हुए अमित शाह ने जम्‍मू कश्‍मीर से लेकर पिछड़ा वर्ग आरक्षण तक की बातें रखीं।

झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में प्रचार के आखिरी दिन संताल के रण में भाजपा की ओर से शाह तीन रैलियों में शामिल हो रहे हैं। भाजपा अध्‍यक्ष ने तीसरे चरण की 15 सीटों पर किस्‍मत आजमा रहे भाजपा के उम्‍मीदवारों के लिए मतदाताओं से वोट की अपील की। इस क्रम में भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने विपक्षी पार्टियों को नागरिकता संशोधन विधेयक पर देशभर में मचे बवाल पर करारा जवाब दिया। इधर ग‍िरिडीह के स्‍टेडियम में सभा स्‍थल पर शाह को सुनने उत्‍साही भाजपा कार्यकर्ताओं के आने का सिलसिला सुबह से ही जारी रहा। यहां बड़ी संख्‍या में महिलाएं भी पहुंची हैं। अलग-अलग दिशाओं से यहां लोग पहुंच रहे हैं। भाजपा के झंडे से पूरा मैदान पटा है। गिरिडीह से भाजपा के प्रत्‍याशी निर्भय शाहबादी पूरे उत्‍साह से समर्थकों को अपने चहेते नेता की आगवानी के लिए जोश भरते दिखे।  

Amit Shah Rally in Jharkhand

बाघमारा में बोले अमित शाह, कांग्रेस ने कोयला घोटाला किया और हमने बनाई पारदर्शी व्यवस्था

4:45 PM : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के चिटाही में जनसभा को संबोधित करते हुए यूपीए शासनकाल में कोयला घोटाला के लिए कांग्रेस और तब के प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह पर हमला बोला। कांग्रेस ने कोयला घोटाला किया और हमने पारदर्शी व्यवस्था बनाकर कोयले का ऑक्शन किया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी विधायक ढुलू महतो को भारी मतों से जिताने की जनता से अपील की।

4:25 PM : शाह ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्णाण के लिए न्यायालय से मार्ग प्रशस्त होने का श्रेय केंद्र की भाजपा सरकार को देते हुए कहा कि कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनने दिया। कश्मीर को आतंकवाद के हवाले कर दिया। तबके प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को मौनी बाबा बोलते हुए शाह ने कहा कि पाकिस्तानी सेना घुसपैठ करके हमारे जवानों को मारती थी तो उफ नहीं निकलता था उनके मुंह से। कश्मीर को हमने हमेशा के लिए भारत का अभिन्न हिस्सा बना दिया है मोदी सरकार ने पुलवामा पर हमला का बदला सर्जिकल स्ट्राइक कर के लिया। यह चुनाव विचारधाराओं के बीच है। कांग्रेस की विचारधारा भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की है तो हमारी राष्ट्रवाद और विकास की। शाह ने दोहराया कि हमारी सरकार आई तो झारखंड में पिछड़ों का आरक्षण बढ़ेगा।

देवघर में बोले अमित शाह, राहुल बाबा ने लगाया है इटालियन चश्‍मा

3:40 PM : अमित शाह ने कहा कि मैं आप सब मतदाताओं का आह्वान करता हूं कि पांच साल और दीजिए झारखंड नंबर एक राज्य बनेगा। भाजपा की अगली सरकार में पिछड़ी जाति को आरक्षण मिलेगा। पिछले पांच साल में जिस तरह झारखंड में विकास की गति तेज हुई है। उसी तरह आने वाली अगली सरकार आपके हितों के लिए काम करेगी।

3:35 PM : शाह ने कहा कि मौनी बाबा मनमोहन सिंह पीएम थे तो पाकिस्तान का मनोबल ऊंचा था और अब हम पाकिस्तान में घर में घुस कर मार रहें है। देश की सुरक्षा का फिक्र जिन्हें नहीं उन्हें वोट मांगने का अधिकार नहीं है। हम वोट बैंक की राजनीति नहीं करते, विकास की राजनीति करते हैं। कांग्रेस अच्‍छी तरह जान ले अब नागरिकता संशोधन बिल कानून बन चुका है। वह इस पर देशभर में लोगों को उकसाकर दंगे भड़का रही है। लोगों को बरगलाने की कोशिश की जा रही है।

3:30 PM : अमित शाह ने कहा कि राहुल के आंखों पर इटालियन चश्मा है। उन्‍हें कुछ नहीं दिखता। हमने 370 हटाया। जम्‍मू कश्‍मीर को एक देश एक विधान से जोड़ा। अयोध्या में आकाश को छूने वाला भव्य रामलला मंदिर बनेगा। चार माह के अंदर भगवान श्रीराम का मंदिर बनना शुरू हो जाएगा।

3:25 PM : गृह मंत्री ने देवघर की सभा में जनता से जुड़ते हुए कहा कि कांग्रेस अपने 55 साल बनाम मोदी सरकार के पांच साल का हिसाब लगा ले। हेमंत और राहुल बाबा बताएं 55 साल में क्या काम किया। 55 हजार करोड़ से बढ़ा कर तीन लाख करोड़ राशि विकास के लिए झारखंड को दिया है।

3:20 PM : भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष ने कहा कि आपने हमें इतनी ताकत दी। चाय बेचने वाले गरीब को भाजपा ने पीएम बनाया। देवघर में एम्स और एयरपोर्ट मोदी सरकार की देन है। बाबा का मेला सुविधायुक्त हुआ, प्रसाद योजना की शुरूआत हुई। साहिबगंज में बंदरगाह का निर्माण हो रहा है। हमने झारखंड की भलाई के लिए जो कुछ किया जा सकता है, वह सब कर रहे हैं। दिन-रात गरीबों की सेवा में लगे हैं।

3:15 PM : शाह ने कहा कि पांच साल और दीजिए झारखंड नंबर एक राज्य बनेगा। पिछड़ी जाति को आरक्षण मिलेगा।  विकास की गति तेज हुई है। सिर्फ 1000 करोड़ की योजनाएं देवघर में चल रही हैं। राहुल बाबा घूम रहे हैं लेकिन चार पीढ़ी ने क्या दिया वे बताएं। उन्‍होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों को पक्का घर, बिजली, पानी, आयुष्मान योजना दिया। कांग्रेस बताए कि उसने क्‍या दिया।

3:10 PM : अमित शाह ने कहा - विजय संकल्प लीजिए। बाबा की पूजा करके धन्य हो गया। संताल हूल के शहीदों को नमन। सिदो-कान्हु,  चांद- भैरव को नमन। कमल पर बटन से झारखंड नक्सलवाद और भ्रष्टाचार से मुक्त होगा। पांच साल में 20 फुट नीचे चला गया है नक्सलवाद। हेमंत सोरेन कांग्रेस की गोद में बैठे हैं। सीएम बनने की लालसा में हैं। कांग्रेस और राजद ने झारखंड को अलग नहीं होने दिया। अटल ने अलग राज्य बनाया है। मोदी सरकार अब इसको संवार रही है।

3:05 PM : भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह बाबाधाम, देवघर पहुंच गए हैं। यहां उन्‍होंने बाबा बैद्यनाथ का दर्शन-पूजन किया। शाह के साथ गोड्डा के सांसद निशिकांत ठाकुर मौजूद रहे। बाबा भोलेनाथ से उन्‍होंने देश में अमन-शांति की कामना की। शाह अब देवघर में भाजपा उम्‍मीदवार के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे हैं।

गिरिडीह में बोले अमित शाह, नागरिकता के नाम पर कांग्रेस देशभर में भड़का रही दंगा

1:55 PM : शाह ने कहा कि जिनके पास मोबाइल है, हाथ उपर करें। सभा समाप्‍त होने के बाद पचास लोगों को फोन करो, जहां चुनाव बाकी है, उनको कमल पर बटन दबाने को कहो। मोदी जी का हाथ मजबूत करो। हाथ उठाकर भारत माता की जय के साथ शाह का संबोधन समाप्‍त हुआ।

1:50 PM : अमित शाह ने नागरिकता संशोधन विधेयक पर बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और राहुल बाबा के पेट में दर्द हो रहा है। वे कहते हैं यह मुस्लिम विरोधी है। तीन तलाक, 370 और नागरिकता बिल पर ये आग लगाने में लगे हैं। नार्थ ईस्‍ट के लोगों को मैं संदेश देना चाहता हूं कि आप की संस्‍कृति पूरी तरह अक्षुण्‍ण रहेगी। मेघालय के लोगों को मैंने समझाया कि आप सबकी समस्‍या का समाधान निकालेंगे, डरने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस दंगे कराती है, हिंदु मुस्लिम की राजनीति करती है। आज तक आतंकवाद को बचाकर कांग्रेस ने वोट बैंक की पॉलिटिक्‍स की।

1:45 PM : शाह ने कहा कि राहुल बाबा, देश का इतिहास पढ़ो कश्‍मीर बचाने के लिए सबसे अधिक शहादत झारखंडी युवाओं ने दी। ये कहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर और अयोध्‍या पर फैसला सुनाया तो इन्‍हें दर्द हो रहा है। कांग्रेस के नेता कहते थे अभी मत सुनवाई करो। आप बताएं चाहते हैं कि नहीं कि भव्‍य राम मंदिर अयोध्‍या में बने। कांग्रेस ने सालों तक इसे लटकाकर रखा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब आसमान छूने वाला भव्‍य राम मंदिर बनेगा। जय श्री राम के नारे के बीच कहा कि देश सुरक्षित रहे यह आप चाहते हैं कि नहीं। सोनिया-मनमोहन की सरकार में आलिया-मालिया-जमालिया रोज घुसकर हमारे जवानों का सिर काटकर ले जाते थे। मोदी सरकार में उरी-पुलवामा के हमले का जवाब 56 इंच की छाती वाली मोदी सरकार ने 10 दिन में ही एयर स्‍ट्राइक कर पाकिस्‍तान के घर में घुसकर आतंकियों के पुर्जे-पुर्जे उड़ा दिए।

1:40 PM : शाह ने कहा कि देवघर में एम्‍स बन रहा है, दो साल के बाद अब आपको इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। शाह ने एक-एक कर मोदी सरकार और रघुवर सरकार के विकास योजनाओं को गिनाया। कहा कि मित्रों मैं कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि आपने झारखंड के लिए क्‍या किया। कांग्रेस वाले और झामुमाे वाले से हिसाब मांगोगे क्‍या। सोनिया मनमोहन की सरकार ने पांच साल में झारखंड को 55 हजार करोड़ रुपए दिए। मोदी सरकार ने पांच साल में भाजपा सरकार ने तीन लाख करोड़ रुपए झारखंड के विकास के लिए दिया। मैंने राहुल गांधी और हेमंत सोरेन का भाषण सुना, वे कहते हैं झारखंड का कश्‍मीर से क्‍या लेना-देना। आपने 14 में से 12 सीटें दी तो पहले सत्र में 370 को उखाड़कर फेंक दिया। कश्‍मीर में भारत का तिरंगा फहराने का काम मोदी सरकार ने किया।

1:35 PM : अमित शाह ने कहा कि पिछड़ा वर्ग की चिंता भी हमारी सरकार ने की। रघुवर दास ने झारखंड में महिलाओं की फिक्र करते हुए सिर्फ एक रुपये में रजिस्‍ट्री की सुविधा दी। राहुल बाबा आपके 55 साल और हमारे पांच साल का हिसाब लेकर गिरिडीह के चौक पर आ जाओ, भाजपा के मंडल कार्यकर्ता आपको हिसाब-किताब देंगे। भगवान बिरसा और टाना भगत के नाम से स्‍मारक बनाने का काम भाजपा सरकार ने किया।

1:30 PM : भाजपा अध्‍यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने छात्रों की छात्रवृति की चिंता हो, चाहे बच्‍चों की प्राथमिक शिक्षा हो। प्रधानमंत्री आवास देने का काम भी हमारी सरकार ने किया है। गरीब का घर, रसोई सबको मोदी सरकार ने आबाद किया है। 

1:25 PM : शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों की चिंता की। 70 साल तक कांग्रेस की सरकार चली, लेकिन गरीब आदिवासी के घर में बिजली नहीं पहुंची। माताएं-बहनें बताएं कि राहुल बाबा के खानदान ने चार पीढ़ी तक शासन किया, उनके लिए क्‍या किया। तब भी उन्‍हें खुले में नित्‍य क्रिया के लिए जाना पड़ता था। 

1:20 PM : अमित शाह ने कहा कि नक्‍सलवाद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने जमीन के नीचे दफन कर दिया है। नक्‍सलवाद को सिर्फ मोदी रोक सकते हैं। मित्रों कांग्रेस और झामुमो को जब मौका मिला लूटकर रुपया लेकर दिल्‍ली ले गए। आपने जो भाजपा की सरकार बनाई, वह गरीबों की सरकार बनी। आज झारखंड विकास के रास्‍ते पर आगे चल रहा है। गिरिडीह में इंजीनियरिंग कॉलेज बनाकर हमने युवाओं को सुनहरा भविष्‍य दिया है।

1:10 PM : भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह गिरिडीह पहुंच गए हैं। यहां भाजपा नेताओं ने उनकी जाेरदार आगवानी की। मंच से शाह ने जनसभा में पहुंची भीड़ का अभिवादन किया। यहां भाजपा समर्थकों की नारेबाजी और भारत माता की जय के उद्घोष से माहौल ओजमय हो रहा है।

12:30 PM : शाह के आगमन को लेकर यहां भारी भीड़ जुटी है। लोग देश के गृह मंत्री को सुनने के लिए उत्‍सुक दिख रहे हैं। भाजपा के कार्यकर्ता अपने अध्‍यक्ष के समर्थन में दूर-दराज से पहुंचे हैं। हर तरफ से लगातार लोग यहां पहुंच रहे हैं। चुनाव प्रचार का आखिरी दिन होने के कारण उम्‍मीदवारों के साथ ही मतदाता भी पूरे जोश में दिख रहे हैं। विधानसभा चुनाव के चौथे चरण की 15 सीटों पर आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। यहां 16 दिसंबर को सुबह सात बजे से मतदान होगा।

12:20 PM : अमित शाह अब से कुछ देर बाद चुनावी जनसभा में पहुंच रहे हैं। उत्‍साही कार्यकर्ता अपने नेता की अगुआई में लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। बीते दिन संसद से पास हुए नागरिकता संशोधन विधेयक को लेकर भी बातें हो रही है। मैदान में भारी भीड़ जुटी है। गृह मंत्री के आगमन को लेकर कड़ी सुरक्षा बंदोबस्‍त की गई है। सभास्‍थल पर आने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है।

12:10 PM : झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 15 सीटों पर 16 दिसंबर को मतदान के बीच शनिवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह यहां पहुंच रहे हैं। गिरिडीह स्‍टेडियम में सभा की पूरी तैयारी है। यहां कार्यकर्ताओं का जुटान शुरू हो गया है। भाजपा के समर्थक अपने नेता को सुनने के लिए यहां बड़ी संख्‍या में पहुंचे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.