Jharkhand Assembly Election 2019: सीट बंटवारे पर बोले सुदेश- जिसकी पकड़ मजबूत, गठबंधन में उसका होगा उम्मीदवार
Jharkhand Assembly Election 2019. आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर भाजपा-आजसू सामूहिक रूप से निर्णय लेगी। पार्टी ने घर-घर पहुंचने के लिए चूल्हा प्रमुख बनाए।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - पूर्व उपमुख्यमंत्री सह आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में सीटों को लेकर भाजपा और उनकी पार्टी सामूहिक रूप से निर्णय लेगी। उन्होंने कहा, भाजपा के साथ आजसू का रिश्ता सम्मान और मजबूती का रहा है। स्वाभाविक रूप से जिस सीट पर जिस पार्टी की पकड़ मजबूत होगी, उस सीट पर उस पार्टी का उम्मीदवार होगा। सुदेश बुधवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित केंद्रीय समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सुदेश ने कहा कि पार्टी राज्य के आदिवासियों एवं मूलवासियों के अधिकार को लेकर सड़क से लेकर सदन तक मुखर रही है। इसी के परिणाम ने लोकसभा चुनाव में पार्टी को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित किया। पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष सह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच लगातार बने रहने तथा पार्टी के विचारों से लोगों को जोड़ते रहने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी निश्चित रूप से मिशन 2019 का लक्ष्य करेगी। मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि विधानसभा चुनाव परिणाम भी पार्टी की उम्मीदों के अनुरूप होगा।
इधर, आजसू ने वोटरों के घर-घर पहुंचने के लिए चूल्हा प्रमुख बनाए हैं। केंद्रीय समिति की बैठक में पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि सभी विधानसभा में बनाए गए चूल्हा प्रमुख सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से हर परिवार को जोड़ें। यह सुनिश्चित करें कि हर घर के चूल्हे का दीया जले। केंद्रीय समिति की बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए जिनमें दो अक्टूबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्वराज स्वाभिमान जनादेश यात्रा आयोजित करने तथा 11 से 30 अक्टूबर तक विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
सभी विस क्षेत्रों में एक-एक कॉल सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जो चूल्हा प्रमुख एवं चूल्हा परिवार के बीच समन्वय स्थापित करेगा। बैठक को टुंडी विधायक राजकिशोर महतो, पूर्व मंत्री उमाकांत रजक, डोमन सिंह मुंडा, वायलेट कच्छप, नजरुल हसन हाशमी, देवशरण भगत, हसन अंसारी आदि ने भी संबोधित किया।
दहाई अंक के साथ विस में जाने का लक्ष्य
आजसू पार्टी ने इस बार दहाई अंक के साथ विधानसभा में दस्तक देने का लक्ष्य रखा है। बैठक में कहा गया कि इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। पिछले चुनाव में पांच सीटों पर पार्टी की जीत हासिल हुई थी।