Jharkhand Assembly Election 2019: कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी अभियान को आगे बढ़ाएगी आजसू
Jharkhand Assembly Election 2019. सुदेश महतो बूथ प्रभारियों कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। 12 को डुमरी और गोमिया विधानसभा क्षेत्र में बैठक होगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - आजसू पार्टी विधानसभा चुनाव के अपने अभियान को शुक्रवार से आगे बढ़ाएगी। इसे लेकर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो विधानसभा क्षेत्र के अनुसार, बूथ प्रभारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसकी तिथियां तय कर दी गई हैं। पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो शुक्रवार को तमाड़ विस क्षेत्र के सलगाडीह में बूथ प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे।
इस बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देश की समीक्षा के साथ चुनावी तैयारियों की जानकारी ली जाएगी। 12 अक्टूबर को डुमरी और गोमिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ प्रभारियों की बैठक होगी। इसी दिन गोमिया में मिलन समारोह का आयोजन होगा जिसमें कई दलों के कार्यकर्ता आजसू में शामिल होंगे। इसके अगले दिन 13 अक्टूबर को सुदेश महतो चक्रधरपुर और मनोहरपुर में बूथ प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे। 15 अक्टूबर को यह बैठक सिमरिया में होगी।
संजय टोप्पो बने झाविमो के केंद्रीय कोषाध्यक्ष
संजय टोप्पो को झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) का केंद्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले इस पद पर केके पोद्दार कार्यरत थे, जिन्होंने जुलाई माह में पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। इधर, संजय को केंद्रीय कोषाध्यक्ष बनने पर सरोज सिंह, संतोष कुमार, सुरेश साव, तौहीद आलम, सूरज टोप्पो आदि ने बधाई दी है।