Jharkhand Elections 2019: सुखदेव भगत के BJP में आने से फंसा पेच, AJSU को छोड़नी होगी लोहरदगा सीट
पिछले विधानसभा चुनाव में लोहरदगा आजसू के खाते में आई थी। लेकिन अब सुखदेव भगत के भाजपा में शामिल होने के बाद आजसू-भाजपा में खटास बढ़ सकती है।
रांची, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह लोहरदगा विधायक सुखदेव भगत के भाजपा में शामिल होने से भाजपा और आजसू में सीट के बंटवारे में पेंच फंस सकता है। आजसू भाजपा के साथ गठबंधन के तहत जिन 20 सीटों पर चुनाव लडऩे की तैयारी कर रही है उसमें एक लोहरदगा सीट भी शामिल है। जबकि इस सीट पर भाजपा से सुखदेव भगत का चुनाव लडऩा लगभग तय है।
पिछले विधानसभा चुनाव में लोहरदगा सीट आजसू के खाते में आई थी। पार्टी ने यहां से जीत भी हासिल की और कमल किशोर भगत यहां से दोबारा विधायक चुने गए थे। हालंाकि एक मामले में सजा होने के बाद उनकी सदस्यता चली गई। बाद में यहां हुए उपचुनाव में आजसू के ही टिकट पर कमल किशोर भगत की पत्नी ने चुनाव लड़ा, जिसमें उनकी हार हो गई।
आजसू इस बार भी इस सीट पर चुनाव लडऩे की तैयारी कर रही है। इस सीट के बंटवारे को लेकर भाजपा के साथ होनेवाले टकराव के संबंध में पूछने पर आजसू के केंद्रीय प्रवक्ता डा. देवशरण भगत ने कहा कि भाजपा अपना काम कर रही है और आजसू अपना। जब दोनों पार्टियों के शीर्ष नेता सीटों के बंटवारे को लेकर बैठेंगे तो सबकुछ तय हो जाएगा।