Move to Jagran APP

LokSabha Election 2019 : हेमंत और सुदेश की मानें तो उनका गठबंधन नंबर वन

दो प्रमुख झारखंड नामधारी दल झामुमो और आजसू पार्टी के मुखिया हेमंत सोरेन और सुदेश महतो व चंद्र प्रकाश चौधरी रविवार को गिरिडीह आए।

By SunilEdited By: Published: Tue, 09 Apr 2019 09:49 AM (IST)Updated: Tue, 09 Apr 2019 09:49 AM (IST)
LokSabha Election 2019 : हेमंत और सुदेश की मानें तो उनका गठबंधन नंबर वन
LokSabha Election 2019 : हेमंत और सुदेश की मानें तो उनका गठबंधन नंबर वन

गिरिडीह, जेएनएन। दो प्रमुख झारखंड नामधारी दल झामुमो और आजसू पार्टी के मुखिया हेमंत सोरेन और सुदेश महतो व चंद्र प्रकाश चौधरी रविवार को गिरिडीह आए। गिरिडीह और कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में अपने और अपने गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया। हेमंत को सुदेश और सुदेश को हेमंत के आगमन की सूचना थी। दोनों नेताओं ने जनता से लेकर कार्यकर्ताओं के बीच एक दूसरे की बखिया उधेडऩे में कोई कसर बाकी नहीं रखी। हेमंत ने यूपीए तो सुदेश ने एनडीए गठबंधन को बताया नंबर वन। हेमंत सोरेन का कहना था कि यूपीए महागठबंधन का चक्रव्यूह ऐसा है कि एनडीए के लोग पानी तक नहीं मांगेंगे। इतनी बुरी हार होगी कि एनडीए के लोगों ने कल्पना भी नहीं की होगी। सुदेश महतो का दावा था कि देश की जनता नरेंद्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री के तौर पर देखना चाहती है। इस नाते एनडीए गठबंधन के पक्ष में मतदान करने के लिए लोग खुद ब खुद आगे आएंगे। एनडीए गठबंधन स्वाभाविक है तो जनता द्वारा नकारे गए दलों के लिए यूपीए गठबंधन मजबूरी का दूसरा नाम है।

loksabha election banner

आजसू के पांव के नीचे हमेशा दो नाव : झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदेश महतो को सार्वजनिक तौर पर जनता को बताना चाहिए कि उन्होंने किसके विरोध में स्वाभिमान यात्रा की थी। हकीकत यह है कि आजसू के पांव के नीचे हमेशा दो नाम रहते हैं। सारी दुनिया जानती है कि दो नाव की सवारी करने वालों का बुरा हश्र होता है। ऐसे लोगों का डूबना तय है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह में झामुमो को आजसू से तनिक भी खतरा नहीं है। हम जीतेंगे।

गिरिडीह में रविवार को पत्रकारों से हेमंत सोरेन ने कहा कि 2019 में यूपीए महागठबंधन ने ऐसा खाका तैयार किया है जिसमें भाजपा उलझ जाएगी। इसकी बड़ी वजह भाजपा सरकार ही है। उसके नेताओं ने जनता से इतने जुबानी वायदे किए हैं कि लोग झल्ला गए हैं। झूठे वायदे कर वोट लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी संवैधानिक पदों पर कब्जा कर लिया है। कुछ दिन और सत्ता में रही तो आम लोगों के घरों पर भी कब्जा कर लेगी। यदि भाजपा के लोग ईमानदार हैं, कैश लेस को मानते हैं तो हरेक जगह पर करोड़ों रुपए से आलीशान पार्टी कार्यालय कैसे बना रहे हैं। कहां से आया इतना पैसा? डुमरी विधायक सह गिरिडीह से झामुमो उम्मीदवार जगरनाथ महतो ने कहा कि आजसू ब्लैकमेलर पार्टी है। इसने ब्लैकमेल कर भाजपा से गिरिडीह सीट ली है। जनता ब्लैकमेलर को भगाएगी।

यूपीए महागठबंधन के पास न नीति, न नेतृत्व : सुदेश

आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि यूपीए महागठबंधन के पास न नीति है, न नेतृत्व। झारखंड में जिन लोगों का कोई अस्तित्व नहीं है, वे चुनाव जीतने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपीए महागठबंधन में शामिल दलों ने हमेशा झारखंड को लूटा है। यूपीए महागठबंधन में अपनी डफली अपना राग अलाप रहे हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो लोकतांत्रिक दल नहीं है। सोरेन परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बन चुकी है। कार्यकर्ताओं का मान सम्मान नहीं है।

गिरिडीह के इसरी के बीस पंथी कोठी में सुदेश महतो ने आजसू और भाजपा की चुनाव तैयारी समिति की बैठक की। पत्रकारों से उन्होंने कहा कि गिरिडीह की पहचान आंदोलन की धरती की है। आजसू पार्टी के लोगों ने भी आंदोलन में भाग लिया है। उनका आंदोलन में शामिल होने वाले लोगों से विशेष लगाव रहा है। गिरिडीह लोकसभा से चुनाव लड़ रहे जल संसाधन मंत्री चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि एनडीए महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है। एक एक कार्यकर्ता चुनाव में जुट चुका है। यूपीए महागठबंधन के पास न कोई विजन है, न सशक्त नेतृत्व। ऐसे लोगों के चाल और चरित्र को सारे लोग बढिय़ा तरीके से समझते हैं। देश की सुरक्षा और विकास में बाधा डालने वाले स्वार्थी लोग विकास का राग अलाप रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.