आज 2.15 PM पर लेगी शपथ BJP-JJP सरकार, राज्यपाल ने मनोहर व दुष्यंत को दिया न्यौता
हरियाणा के राज्यपाल ने मनोहरलाल और दुष्यंत चौटाला के नई सरकार बनाने के दावे का स्वीकार कर लिया है।इसके बाद अब भाजपा-जेजेपी सरकार कल दीपावली के दिन सवा दो बजे शपथ लेगी।
चंडीगढ़, जेएनएन/एएनआइ। हरियाणा में नई भाजपा-जेजेपी सरकार आज शपथ लेगी। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने मनोहरलाल और दुष्यंत चौटाला को नई सरकार बनाने का न्यौता दिया। भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने दुष्यंत चौटाला के साथ राज्यपाल से मुलाकात की है। उन्होंने राज्यपाल के समक्ष नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल ने इसे स्वीकार कर लिया और उनको नई सरकार बनाने का न्यौता दिया। नई भाजपा-जेजेपी सरकार कल दिन में सवा दो बजे (2.15 PM) शपथ ग्रहण करेगी।
राज्यपाल से मिलने के बाद मनोहरलाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मुलाकात की। उन्होंने सबसे पहले राज्यपाल को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपा। इसे राज्यपाले ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद उन्होंने और दुष्यंत ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने राज्यपाल को अपनी पार्टियों व समर्थक विधायकों की सूची भी सौंपी। इसके बाद राज्यपाल ने उनकाे सरकार बनाने काे न्याैता दिया।
मनाेहरलाल ने बताया कि कल (रविवार) को दिन में 2.15 बजे नई सरकार का शपथग्रहण समारोह होगा। इसमें वह मुख्यमंत्री और दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री (Deputy Chief minister) के रूप में शपथ लेंगे। राज्यपाल से मिलने पहुंचे मनोहलाल और दुष्यंत चौटाला के साथ केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ. अनिल जैन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला भी थे। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह दीपावली के दिन होगा।
दुष्यंत के पिता अजय चौटाला को तिहाड़ जेल से मिली 14 दिन की फरलो
दूसरी ओर, दुष्यंत चौटाला के पिता डॉ. अजय सिंह चौटाला को तिहाड़ जेल से 14 दिनों की फरलो मिली है। बताया जाता है कि अजय चौटाला नई सरकार के शपथ ग्रहण समाराेह में शामिल हो सकते हैं। दिल्ली की तिहाड़ जेल के महानिदेशक ने बताया कि अजय चौटाला को दो सप्ताह की फरलो मिली है। उनको शाम का रिहा किया जाएगा। बता दें कि अजय चौटाला जेबीटी शिक्षक भर्ती मामले में तिहाड़ जेल में 10 साल कैद की सजा काट रहे हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते दुष्यंत चौटाला।
दुष्यंत चाैटाला ने पिता डॉ. अजय चौटाला के फरलो पर तिहाड़ जेल से बाहर आने पर खुशी जताई। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, इस परिवर्तन के मौके पर मेरे पिता हमारे कंधे को मजबूती देंगे। मेरे लिए इससे बड़ी खुशी की बात नहीं हो सकती है। उनके साथ मुख्यमंत्री मनोहरलाल, निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह और जेजेपी के प्रदेश प्रधान सरदार निशान सिंह भी मौजूद थे।
मनोहरलाल को सर्वसम्मति से चुना गया भाजपा विधायक दल का नेता
इससे पहले यहां यूटी गेस्ट हाऊस में भाजपा विधायक दल की बैठक में मनोहरलाल को एक बार फिर नेता चुना गया। उनको सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद वह राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसके साथ ही नई सरकार को लेकर बड़ा संकेत मिल रहा है। दूसरी ओर, यह भी चर्चा चली की दुष्यंत चौटाला के साथ भाजपा अपना भी एक उपमुख्यमंत्री बना सकती है। अनिल विज को डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। लेकिन, राज्यपाल से मुलाकात के बाद इन चर्चाओं को फिलहाल विराम लग गया।
मनोहरलाल के सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने की। उन्होंने मनोहरलाल को लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। इसके साथ ही बैठक में साफ कर दिया गया कि भाजपा हलोपा विधायक गोपाल कांडा का समर्थन नहीं लेगी।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मनोहरलाल ने सभी विधायकोंं काे इसके लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सर्वसम्मति से मुझे विधायक दल का नेता चुनने के लिए आप सबका बहुत आभार है। विधानसभा चुनाव में जो जनादेश मिला है उसे हम स्वीकर करते हैं। इसके लिए हरियाणा की जनता का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने समर्थन दे रहे विधायकों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, हमने जिस तरह पिछले पांच साल साफ-सुथरी सरकार चलाई आगे भी वैसे ही काम करेंगे।
इसके बाद अब मनोहरलाल जेजेपी विधायक दल के नेता दुष्यंत चौटाला के साथ हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मिलने राजभवन पहुंचे हैं। दोनों नेता भाजपा-जेजेपी गठबंधन के समर्थकों के विधायकों की सूची लेकर गए हैं। इसके बाद दीपावली के दिन दो बजे राजभवन में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। बैठक में राज्यपाल को दिए जाने वाले पत्र पर विधायकों ने हस्ताक्षर किए।
बैठक के बाद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अब मनोहरलाल राज्यपाल के समक्ष नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे और राज्यपाल से इसके लिए न्यौता देने का आग्रह करेंगे। बैठक में सभी विधायक और पार्टी के पदाधिकारी व केंद्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह मौजूद रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि आज नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह नहीं होगा। आज केवल राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
राज्यपाल को दिए जाने वाले पत्र पर हस्ताक्षर करते विधायक।
दूसरी ओर, संकेत मिले हैं कि भाजपा गोपाल कांडा का समर्थन नहीं लेगी। वरिष्ठ नेता अनिल विज ने कहा कि गोपाल कांडा को मंत्री बनाने और उनका समर्थन लेने का कोई सवाल ही नहीं है। उन्होंने यूटी गेस्ट हाऊस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस पर कोई विचार नहीं है।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे। भाजपा विधायक दल की इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षकों के रूप में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह को को आना था। लेकिन, निर्मला सीतारमण के बदले रविशंकर प्रसाद बैठक में शामिल हुए।
इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल बैठक के लिए यूटी गेस्ट हाऊस पहुंचे और अन्य विधायकों का सुुबहस से ही आना जारी रहा। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद भी यूटी गेस्ट हाऊस पहुंचे। मुख्यमंत्री मनोहरलाल बैठक के लिए सुबह ही दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचे। इसके बाद वह यूटी गेस्ट हाऊस आए। बैठक में रानियां के विधायक रणजीत सिंह सहित कई निर्दलीय विधायक भी पहुंचे।
बैठक के लिए भाजपा के हरियाणा प्रभारी डॉ. अनिल जैन भी मौजूद थे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में गोपाल कांडा का समर्थन लेने के बारे में कहा कि विधायक दल की बैठक में इस पर चर्चा होगी कि किसका समर्थन लेना है। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और हरियाणा भाजपा के महासचिव सांसद संजय भाटिया भी पहुंचे। पिहोवा से विधायक चुने गए भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह सबसे पहले पहुंचनेवालों में शामिल थे। संदीप सिंह ने भाजपा की एक बार फिर सरकार बनने पर खुशी जताई।
भाजपा विधायक दल की बैठक में पहुंचे निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह।
बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने पत्रकारोें से बातचीत में कहा कि आज नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह नहीं होगा। विधायक दल की बैठक के बाद राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मिलकर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
यह भी पढ़ेें: तो पांच साल दौड़ेगी मनोहर व दुष्यंत की गाड़ी, आज करेंगे दावा पेश, जानें भाजपा ने क्यों चुना चौटाला को
पानीपत में दुष्यंत चौटाला का स्वागत करते जेजेपी कार्यकर्ता।
दूसरी ओर, जननायक जनता पार्टी विधायक दल के नेता दुष्यंत चौटाला का चंडीगढ़ पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त स्वागत किया। चंडीगढ़ में जेजेपर विधायक दल की बैठक हो रही है। इसके बाद दुष्यंत मुख्यमंत्री मनोहरलाल के साथ राज्यपाल के पास सरकार गठन का दावा जताने जाएंगे। बैठक में भाग लेने के लिए दुष्यंत चौटाला पार्टी के अन्य विधायकों के साथ दिल्ली से सुबह चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। रास्ते में पानीपत सहित कई स्थानों पर जेजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
यह भी पढ़ेें: जानें कैसे बना हरियाणा में BJP-JJP सरकार का फार्मूला, मनोहर सीएम तो दुष्यंत चौटाला बनेंगे डिप्टी सीएम
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें