कांग्रेस नेतृत्व को लेकर उलझी रही, भाजपा ने यूं मार दी बाजी, घोषित किए चुनाव प्रभारी
भाजपा ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को पार्टी का हरियाणा चुनाव प्रभारी बनाया है। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह को चुनाव सह प्रभारी नियुक्त किया गया हैैैै।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अब कुछ ही समय बचा है। कांग्रेस जहां राज्य में अभी नेतृत्व को लेकर उहापोह की स्थिति में है, वहीं भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव तैयारियां पूरी कर दी है। भाजपा ने प्रदेश में गतिविधियां बढ़ा दी हैं। पार्टी ने आज चुनाव प्रभारियों की घोषणा भी कर दी है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को पार्टी का हरियाणा चुनाव प्रभारी बनाया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह को चुनाव सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
चुनाव प्रभारी नियुक्त होने के बाद नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि राज्य में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तय सीटों से अधिक सीटें प्रदेश में हासिल करेगी। पार्टी राज्य में पूरी ताकत से लड़ेगी। तोमर ने कहा कि पार्टी केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों व भ्रष्टाचार मुक्त शासन के अपने एजेंडे पर चुनाव लड़ेगी।