Move to Jagran APP

लोकसभा के बाद विधानसभा चुनाव में भी सपना चौधरी निराश, अब दिल्ली पर नजर

मशहूर हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी का लोकसभा या हरियाणा विधानसभा में जाने का सपना बिखर गया है। माना जा रहा है कि सपना चौधरी को भाजपा बाहरी दिल्ली में किसी सीट से चुनाव लड़ाएगी।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Sun, 06 Oct 2019 09:04 AM (IST)Updated: Mon, 07 Oct 2019 11:02 AM (IST)
लोकसभा के बाद विधानसभा चुनाव में भी सपना चौधरी निराश, अब दिल्ली पर नजर
लोकसभा के बाद विधानसभा चुनाव में भी सपना चौधरी निराश, अब दिल्ली पर नजर

नई दिल्ली [बिजेंद्र बंसल]। मशहूर हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी का लोकसभा या हरियाणा विधानसभा में जाने का सपना बिखर गया है। सपना को भाजपा ने लोकसभा के बाद हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी निराश किया है। दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोकप्रियता मिलने के बाद सपना ने लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस मुख्यालय का रुख किया था, मगर भाजपा के रणनीतिकारों ने उसे अपनी ओर लपक लिया। दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी की पहल पर सपना कांग्रेस में नहीं जाने केे लिए मान गईं। अब सपना ने विधिवत रूप में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

loksabha election banner

सपना को पहले लोकसभा चुनाव में हरियाणा की रोहतक, सोनीपत, भिवानी-महेंद्रगढ़ सहित हिसार सीट से पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की उम्मीद थी, मगर उसे पार्टी ने टिकट नहीं दिया। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी सपना का उतरना तय माना जा रहा था, मगर पार्टी के रणनीतिकारों ने सपना की जगह टिक-टॉक स्टार सोनाली फौगाट को आदमपुर हलके से कांग्रेस के दिग्गज नेता कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ उतार दिया।

सपना केे बजाय पार्टी ने तीन खिलाड़ियों को भी विधानसभा चुनाव में उतारा है। अब माना जा रहा है कि सपना चौधरी को भाजपा बाहरी दिल्ली में किसी सीट से चुनाव लड़ाएगी। भाजपा के रणनीतिकार बताते हैं कि जिस नेता की दिल्ली के चुनाव में जीतने की उम्मीद है, उसे हरियाणा से टिकट नहीं दिया गया। दिल्ली विधानसभा का चुनाव भाजपा के लिए काफी अहमियत रखता है।

भाजपा ने सपना से ज्यादा टिक-टॉक स्टार सोनाली फौगाट को दिया महत्व

ऐसा नहीं है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ग्लैमर का तड़का नहीं लगाया। पार्टी ने टीवी अभिनेत्री एवं टिक-टॉक स्टार सोनाली फौगाट को हिसार जिला की आदमपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर पूर्व सीएम भजन लाल के पुत्र और कांग्रेस के दिग्गज नेता कुलदीप बिश्नोई चुनाव लड़ रहे हैं। सपना चौधरी हरियाणवी युवाओं में सोनाली फौगाट से बहुत ज्यादा लोकप्रिय है। रियलिटी शो बिग-बॉस में एंट्री के बाद सपना चौधरी की लोकप्रियता हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आगे बढ़कर उत्तर भारत में फैल गई है।

तीन खिलाड़ियों को मिला भाजपा के राजनीतिक ग्लैमर का फायदा

हरियाणा में भाजपा के मौजूदा राजनीतिक ग्लैमर के प्रति आकर्षण नेताओं में ही नहीं बल्कि खिलाड़ियों में भी है। तीन राष्ट्रीय अंतराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ियों को भाजपा ने विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है, जबकि पैरालंपिक खिलाड़ी दीपा मलिक को इस चुनाव में पार्टी ने निराश किया है। मलिक को भाजपा पहले गुरुग्राम से टिकट देना चाह रही थी मगर बाद में दीपा को चुनाव नहीं लड़ने के लिए मना लिया गया।

भाजपा ने बरोदा हलके से ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त को उतारा है। इसके लिए योगेश्वर ने हरियाणा सरकार में खेल कोटे से मिला डीएसपी का पद भी त्याग दिया। महिला पहलवान बबीता फौगाट को भाजपा ने चरखीदादरी सीट से चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह को पिहोवा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.