Haryana Assembly Election 2019: जेपी नड्डा ने कहा- सुरक्षा बेड़े में लड़ाकू विमानों का फायदा हरियाणा को
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि सुरक्षा बेड़े में लड़ाकू विमानों को फायदा हरियाणा को भी मिलेगा।
चंडीगढ़, जेएनएन। Haryana Assembly Election 2019 में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी प्रचार में सक्रिय हैं। उन्होंने मनोहर सरकार के कामकाज को पूरे नंबर दिए हैं। नड्डा ने हरियाणा के लिए मोदी सरकार के अहम फैसलों की जानकारी देने के साथ ही मनोहर सरकार के पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा के राजनीतिक कल्चर को बदल दिया है।
चंडीगढ़ में भाजपा के संकल्प पत्र विमोचन के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हरियाणा सैनिकों का प्रदेश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सैनिकों की खासी चिंता और सम्मान करते हैं। देश के सुरक्षा बेड़े में 36 राफेल, 22 मारक (अपाचे) विमान, छह परमाणु हथियार, 1.86 लाख क्वालिटी बुलेट जैकेट और 83 तेजस विमान शामिल किए गए हैैं।
नड्डा ने कहा कि इसका फायदा हरियाणा के सैनिकों को भी होगा। देश की सेनाओं में हर दसवां सैनिक हरियाणा का है। वन रैंक वन पेंशन की देन भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की है। 22 लाख लोगों को 12 हजार करोड़ रुपये का लाभ वन रैंक-वन पेंशन के जरिये देश के सैनिकों को मिला है।
भाजपा अध्यक्ष ने मनोहर सरकार के पांच साल के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने हरियाणा की तस्वीर, चरित्र और राजनीतिक कल्चर में पूरी तरह से बदलाव ला दिया है। भ्रष्टाचार खत्म करने के साथ ही सरकार ने भाई-भतीजावाद और परिवारवाद पर कड़ा प्रहार किया है। अब भ्रष्टाचार मुक्त और विकास युक्त हरियाणा की पहचान पूरे देश में है। जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा का अगला फोकस उत्तम स्वास्थ्य, उत्तम शिक्षा और युवाओं के सपनों को उड़ान देना तो रहेगा ही, इसके साथ ही गांव, गरीब और किसान की चिंता भी मनोहर सरकार करेगी।
कहा- अब देश में बैठे ही बालाकोट जैसा हमला हो जाएगा
पंचकूला मे भाजपा के प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन में जेपी नड्डा ने कहा कि भारत अब एक शक्तिशाली देश है। देश में बैठे-बैठे ही बालाकोट हो जाएगा। किसी अभिनंदन को पाकिस्तान जाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। राफेल खरीद के बाद अब देश की ताकत कई गुना बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: साईं मंदिर का दान पात्र खोला तो कमेटी के मेंबर रह गए दंग, निकले ऐसे नोट
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति को बदल कर रख दिया है। उन्होंने पंचकूला में पांच वर्षों में किए गए विकास कार्यों को गिनाते हुए भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता को समर्थन देने की अपील की। नड्डा ने कहा कि पंचकूला ही नहीं, पूरे हरियाणा प्रदेश में 21 अक्टूबर को होने वाले मतदान में भाजपा के पक्ष में मतदान करके भारी बहुमत से विजय दिलाएं।
यह भी पढें: शादीशुदा महिला ब्लैकमेल कर युवक से बनाती थी संबंध, फिर लगा दिया ऐसा इल्जाम, कोर्ट में खुली पोल
नड्डा ने कहा कि वे पंचकूला से भलीभांति परिचित हैं। मोदी के नेतृत्व से देश के 130 करोड़ लोगों में अपार उत्साह व विश्वास जगा है। लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है और विश्व स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने धारा-370 को हटाना केंद्र सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले पांच वर्षों में हरियाणा की तस्वीर बदल दी है और हरियाणा में पारदर्शी शासन देकर भ्रष्टाचार को खत्म कर दिया है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
यह भी पढें: हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तंवर का बडा़ बयान, कहा- राहुल गांधी को खाए जा रहे कुछ पार्टी नेता