Haryana Election Result 2019: खट्टर के 7 मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष हारे, त्रिशंकु विधानसभा तय
हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों के लिए मतगणना जारी है और रुझानों में भाजपा बहुमत के आंकड़े से पीछे दिख रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि राज्य के कई मंत्री पिछड़ रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद 90 सीटों के लिए मतगणना अब भी जारी है। Exit Polls में हरियाणा में भाजपा को बहुमत मिलता दिखाया गया था। कई सीटों के रिजल्ट सामने आ चुके हैं और कुछ रुझान भी भाजपा के खिलाफ दिख रहे हैं। सामने आए परिणाम और रुझानों के अनुसार भाजपा बहुमत के आंकड़े से दूर नजर आ रही है। बता दें कि कांग्रेस ने भाजपा को यहां जबरदस्त टक्कर दी है। रुझानों के अनुसार भाजपा 40, कांग्रेस 31 जेजेपी 10 और अन्य नौ सीटों पर आगे दिख रहे हैं।
साल 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी और इसके बाद मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिली। साल 2019 के चुनाव में भाजपा खट्टर के चेहरे के साथ गई और इस बार 75 पार का नारा भी पार्टी ने दिया। हालांकि, जो रुझान दिख रहे हैं अगर वही परिणामों में बदलते हैं तो यह रिजल्ट भाजपा के लिए करारी हार से कम नहीं होगा।
भाजपा के लिए सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि उसके कई मंत्री भी चुनाव हार चुके हैं। राज्य के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनकड़ बादली सीट से चुनाव हार गए हैं, जबकि वह पिछली बार यहीं से चुनाव जीतकर राज्य सरकार में मंत्री बने थे। नारनौंद से मौजूदा विधायक और राज्य के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु भी अपने निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव हार गए हैं। महेंद्रगढ़ से विधायक और राज्य के शिक्षा व पर्यटन मंत्री राम बिहास शर्मा भी चुनाव हार गए हैं। उनके अलावा कला और संस्कृति मंत्री/महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन को भी सोनीपत से हार का मुंह देखना पड़ा है।
यह भी पढ़ें : Haryana, Maharashtra Election Result 2019 LIVE
राज्य के सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर को भी रोहतक में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि साहाबाद से विधायक और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के करीबी नेता कृष्ण बेदी भी चुनाव हार गए हैं। यही नहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला भी टोहाना से चुनाव हार चुके हैं।
हरियाणा में परिवहन व्यवस्था की जिम्मेदारी कृष्ण लाल पंवार की है। साल 2014 के विधानसभा चुनाव में इसराना से जीतकर विधानसभा पहुंचने वाले कृष्ण लाल पंवार को राज्य सरकार में परिवहन मंत्री की जिम्मेदारी मिली, लेकिन इस बार वह अपने ही निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव हार गए हैं।
यह भी पढ़ें : Gurgaon, Faridabad, Sonipat Election Result LIVE
यह भी पढ़ें : Haryana Election Result 2019 LIVE