Move to Jagran APP

अब हरियाणा में स्टार वार, मोदी-शाह को चुनौती देंगे राहुल-प्रियंका के साथ-साथ केजरी और माया

हरियाणा में अब स्‍टार वार शुरू होने वाला है। राज्‍य में चुनाव प्रचार में गर्मी आने के साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी भाजपा प्रधान अमित शाह कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी भी आएंगे।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Thu, 25 Apr 2019 06:29 PM (IST)Updated: Fri, 26 Apr 2019 08:27 AM (IST)
अब हरियाणा में स्टार वार, मोदी-शाह को चुनौती देंगे राहुल-प्रियंका के साथ-साथ केजरी और माया
अब हरियाणा में स्टार वार, मोदी-शाह को चुनौती देंगे राहुल-प्रियंका के साथ-साथ केजरी और माया

चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। हरियाणा में लोकसभा चुनाव के माहाैल में तापमान के संग गर्मी चरम पर पहुंचेगी। अब राज्‍य में स्टार वार शुरू होने वाला है। भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और बसपा के राष्ट्रीय नेता हरियाणा का रुख करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अपने दो-दो दिन के दौरे में हरियाणा की हर लोकसभा सीट के मतदाताओं तक पहुंच बनाएंगे।

loksabha election banner

अमित शाह 5 व 7 मई और पीएम मोदी 8 व 9 मई को हरियाणा में करेंगे बड़ी रैलियां

भाजपा दोनों राष्ट्रीय नेताओं की रैलियों के कार्यक्रम इस तरह तैयार करने में जुटी है, ताकि सभी 10 लोकसभा सीटें कवर हो जाएं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती भी हरियाणा में रैलियां तथा रोड शो करेंगे।

प्रियंका व राहुल को लाने की तैयारी, मायावती 29 अप्रैल व नौ मई को करेंगी जनसभाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हरियाणा आकर माहौल बनाएंगे। अमित शाह 5 व 7 मई को हरियाणा आ रहे हैं। इससे पहले वह चंडीगढ़ में जनसभा को संबोधित करेंगे। अमित शाह के दो दिन के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 व 9 मई को हरियाणा में रैलियां करेंगे। मोदी देश भर में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने में लगे हैं। उन्होंने आखिर में हरियाणा में रैलियां करने की स्वीकृति दी है। राज्य में छठे चरण में 12 मई को मतदान है।

भाजपा ने राज्य में चुनाव प्रचार के लिए 40 स्टार प्रचारक तय किए हैं। इनमें कई लोकल स्तर के नेता भी शामिल हैं। लोकल नेताओं में इस बात का क्रेज है कि उन्हें राष्ट्रीय नेताओं के साथ स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। राष्ट्रीय नेताओं में राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, उमा भारती, सुषमा स्वराज, योगी आदित्य नाथ, पीयूष गोयल, हेमामालिनी, सनी देओल, वसुंधरा राजे सिंधिया और मनोज तिवारी हरियाणा में भाजपा का चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे।

इन सभी नेताओं के कार्यक्रम निर्धारित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहले ही पूरे राज्य में चुनाव प्रचार अभियान की कमान संभाले हुए हैं। मनोहर लाल सभी 10 लोकसभा और 90 विधानसभा क्षेत्रों को जनसभाओं तथा रोड शो के जरिये कवर कर रहे हैं।

दो दिन में चार रैलियों से 10 लोकसभा कवर करेंगी मायावती

बसपा अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती हरियाणा में ताबड़तोड़ चार रैलियां करेंगी। राज्य में बसपा और लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी का गठबंधन है। हरियाणा में बसपा आठ और भाजपा के बागी सांसद राजकुमार सैनी के नेतृत्व वाली लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी दो लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। मायावती का पहला हरियाणा दौरा 29 अप्रैल को और दूसरा दौरा 9 मई को है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हरियाणा में ही होंगे।

मायावती की रैलियां एक लोकसभा क्षेत्र को केंद्र बिंदु मानकर तय की जा रही हैं, ताकि आसपास के सभी लोकसभा क्षेत्र कवर किए जा सकें। 29 अप्रैल को भिवानी में भिवानी-महेंद्रगढ़, हिसार और सिरसा तथा इसी दिन फरीदाबाद में फरीदाबाद व गुरुग्राम लोकसभा स्तर की रैलियां होंगी। 9 मई को अंबाला में अंबाला, कुरुक्षेत्र और पानीपत में करनाल, रोहतक व सोनीपत लोकसभा क्षेत्रों की रैलियां होंगी।

हुड्डा खुद स्टार प्रचारक, राहुल और प्रियंका भी आएंगे

हरियाणा में कांग्रेस के स्टार प्रचारक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुद हैं। हुड्डा सोनीपत से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद वे दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार करने जा रहे हैं। हुड्डा और कांग्रेस के गैर जाट नेता कुलदीप बिश्नोई दो दिन पहले ही राजस्थान में चुनाव प्रचार कर लौटे हैं। रोहतक से चुनाव लड़ रहे दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं।

उनकी ड्यूटी राजस्थान में चुनाव प्रचार के लिए लगी है। कांग्रेस हुड्डा के अलावा राज्य में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के कार्यक्रम लेने में जुटी है। कांग्रेस के इन दोनों राष्ट्रीय नेताओं के चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में हरियाणा आने की उम्मीद है।

इनेलो को ओमप्रकाश चौटाला से आस, अभय-अरोड़ा संभालेंगे कमान

इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला की जमानत पर फैसला अभी लंबित है। यदि उन्हें जमानत मिली तो ओमप्रकाश चौटाला अपनी पार्टी के सभी 10 उम्मीदवारों के लिए स्टार प्रचारक होंगे। उनकी गैरमौजूदगी में इनेलो विधायक दल के नेता अभय सिंह चौटाला चुनावी बागडोर संभाल रहे हैं। उनका सहयोग करने के लिए इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा और पूर्व सीपीएस रामपाल माजरा मौजूद हैं। अभय चौटाला पहले ही लोकसभा व विधानसभा स्तर पर जनसभाएं कर चुके हैं। उनके बेटे अर्जुन चौटाला कुरुक्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

आप-जेजेपी गठबंधन के स्टार प्रचारक केजरीवाल और अजय चौटाला

इनेलो से अलग होकर अस्तित्व में आई जननायक जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच इस लोकसभा चुनाव में गठबंधन हुआ है। जेजेपी सात और आप तीन लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए हाल फिलहाल अजय सिंह चौटाला व दुष्यंत चौटाला चुनाव प्रचार कर रहे हैं, लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी गठबंधन के उम्मीदवारों के हक में राज्य में लोकसभा स्तर की रैलियां तथा रोड शो करेंगे।

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा में अपनी दो दर्जन विंग को सक्रिय करने का निर्णय लिया है, जो चुनाव प्रचार खुद के हाथों में ले लेंगी। आप की हरियाणा इकाई के प्रधान पंडित नवीन जयहिंद फरीदाबाद में और जजपा संरक्षक दुष्यंत चौटाला हिसार में लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। उनके छोटे भाई दिग्विजय चौटाला सोनीपत में पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के विरुद्ध ताल ठोंक रहे हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.