गडकरी बोले- मोदी ने बदली देश की तस्वीर, भारत के भविष्य के लिए करें मतदान
गडकरी ने कहा कि यह चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है। यह लोकसभा चुनाव भारत की जनता का भविष्य तय करेगा।
जेएनएन, अंबाला। केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी ने कहा कि यह चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है। यह लोकसभा चुनाव भारत की जनता का भविष्य तय करेगा। हमारा देश शुरू से ही धनवान था, लेकिन कांग्रेस ने अपने स्वार्थ के लिए हमें गरीबी के नरक में धकेल दिया। कांग्रेस ने देश का विनाश किया है। पांच साल के मोदी के कार्यकाल के दौरान देश की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्वीर बदल गई है। अगले कार्यकाल में हम दिल्ली को जल व वायु प्रदूषण से मुक्त कराएंगे।
गडकरी शहर की अनाज मंडी में अंबाला संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार रतन लाल कटारिया के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। उन्होंने अनाज मंडी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश की सड़कें ऐसी हैं कि हम 40 मिनट में दिल्ली से मेरठ जा सकते हैं और दो घंटे में मुंबई से पूना।
देश और नागरिकों के भविष्य के लिए निर्णायक करार देते हुए नितिन गडकरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद 55-60 साल तक देश में कांग्रेस ने राज किया है। प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह तक ने गरीबी हटाने का वादा किया, लेकिन गरीबी नहीं हटी। बुरा और भ्रष्ट शासन के कारण गरीब और गरीब होते गए। उन्होंने लोगों से कटारिया के पक्ष में मतदान की अपील की। वादा कि वे अंबाला में डबलडेकर बस चलाएं जोकि हवा में चलेगी।
गडकरी ने कहा कि 1985 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने गंगा साफ करने की घोषणा की थी, नहीं हुई। गंगा सफाई का जिम्मा मेरे पास है, आज गंगा साफ हुई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इलाहाबाद से वाराणसी तक गंगा यात्रा के दौरान नाव पर सवार होकर गंगा की पानी पीते हुए दिखी। यह बताता है कि गंगा का पानी साफ हुआ है। उन्होंने दावा किया कि मार्च 2020 तक गंगा अविरल और निर्मल हो जाएगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप