Lok sabha Election 2019: लोकतंत्र के महायज्ञ में हरियाणा ने दी आहुति, हुआ कुल 70.29 फीसदी मतदान
हरियाणा में लोकसभा चुनाव 2019 में मतदान का कार्य संपन्न हो गया। मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महायज्ञ में बढ़चढ़ कर आहुतियां दीं। राज्य में 70.29 फीसदी मतदान हुआ।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा के मतदाताअों ने लोकतंत्र के महायज्ञ रविवार को आहुति डाली। राज्य में Lok Sabha Election 2019 में 70.29 फीसद मतदान हुआ। राज्य में मतदान शांतिपूर्ण रहा। वैसे राेहतक में बूथ कैप्चरिंग के अारोप से माहौल गर्मा गया। वहां एक कुख्यात अपराधी को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार किया गया। कई जगहों पर ईवीएम में खराबी के मतदान में बीच-बीच में बाधा भी आई। मतदान शांतिपूर्ण निपट जाने से चुनाव आयोग और प्रशासन ने राहत की सांस ली है। राज्य सबसे ज्यादा मतदान सिरसा लोकसभा क्षेत्र में हुआ। यहां 75.51 फीसद वाेटिंग हुई। फरीदाबाद में सबसे कम 64.72 प्रतिशत वोटिंग हुई। राज्य में मतदान छठे चरण में हुआ है।
सिरसा में सबसे अधिक 75.51 फीसद वोटिंग,फरीदाबाद में सबसे कम 64.72 प्रतिशत मतदान
मतदान सुबह सात बजे सुबह शुरू हुई और छह बजे के बाद भी चलती रही। चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार छह बजे तक जो भी मतदाता बूथों पर कतार में लग गए उनको मतदान का अवसर दिया गया। उमतदान राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों के लिए हुआ। कई जगह महिलाएं घूंघट में मतदान करने पहुंची। राज्य में सुबह मतदान शुरू होने के समय कई जगहों पर ईवीएम में खराबी आने से वोटिंग कार्य बाधित हुआ।
रोहतक में अस्थायी नंबर के तीन गाडिय़ाें से लाठी-डंडे व 15 कारतूस बरामद, दो व्यक्ति गिरफ्तार
रोहतक में गाडियों से पकड़े गए कारतूस, लाठियां और गिरफ्तार रमेश लुहार।
धर राेहतक में बूथ कैप्चरिंग की कोशिश का अारोप लगाया गया। यहां पुलिस ने तीन अस्थायी नंबर की गाडि़यां पकड़ी गईं। हिस्ट्रीशीटर रमेश लुहार सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि विश्वकर्मा स्कूल के सामने से पुलिस ने अस्थायी नंबर के तीन गाडिय़ां पकड़ी हैं। इन वाहनों से लाठी, डंडे व अलग-अलग नंबर की दो प्लेट, 32 बोर के 15 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इन गाडिय़ों के साथ दो व्यक्ति मकडौली निवासी सुनील तथा गांव बोहर के रमेश लुहार को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई की जा रही है।
युवाओं ने बढ़-चढ़ कर मतदान किया।
मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मतदान केंद्रों और उसके आसपास पुलिस के साथ-साथ अर्द्ध सैनिक बलाें के जवान तैनात थे। कई संवेदनशील बूथों पर सेना के जवान भी तैनात किए गए थे। कुछ साल पहले हुए जाट आंदोलन और डेरा प्रकरण में हिंसा की घटनाअों से सबक लेते हुए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे।
मतदान के लिए लोगों में काफी उत्साह दिखा और सुबह के समय ही बूथों पर लंबी कतारें लग गईं। युवा और महिलाओं भी काफी संख्या में वोट डालने पहुंचे। कई बूथों पर महिलाएं घूंघट में मतदान करने पहुंचीं। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में बहुत उत्साह दिखा। दोपहर में भीषण गर्मी के कारण मतदान की रफ्तार कम हुई। दोपहर बार धूप की मार कम होने पर काफी संख्या में लोग वाेट डालने पहुंचे अौर शाम छह बजे के बदले कई बूथों पर रात करीब आठ बजे तक वोटिंग हुई।
हिसार में एक बूथ पर मतदान के लिए घूंघट में खड़ीं युवतियां व महिलाएं।
कई जगह ईवीएम में खराबी से मतदान में आई बाधा
कई जगहों पर समय से वोटिंग शुरू नहीं हो पाई। कई जगहों पर मतदान शुरु होने के बाद ईवीएम में खराबी से मतदान प्रभावित हुआ है। पंचकूला, फरीदाबाद, चरखी दादरी, कोसली, भिवानी महेंद्रगढ़, बहादुरगढ क्षेत्रों में कई बूथों पर मतदाओं को मतदान समय से शुरू न होने और मशीन में खराबी के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा।
पूरे प्रदेश में कुल 48 बैलेट यूनिट, 24 कंट्रोल यूनिट तथा 59 वीवीपैट को बदलना पड़ा। पंचकूला के गुमथला और उचाना के खटकड़ा में ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याओं को लेकर मतदान का बहिष्कार किया। हालांकि लोकतंत्र में आस्था के विपरीत है।
राज्य में विभिन्न लोकसभा सीटों पर मतदान प्रतिशत
संसदीय क्षेत्र मतदान प्रतिशत
1. अंबाला 71.12
2. कुरुक्षेत्र 74.38
3. सिरसा 75.51
4. हिसार 72.16
5. करनाल 68.54
6. सोनीपत 70.72
7. रोहतक 70.55
8. भिवानी-महेंद्रगढ़ 69.84
9. गुरुग्राम 67.37
10. फरीदाबाद 64.72
दिग्गजाें सहित सभी 213 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद
इस तरह ईवीएम में दिग्गज नेताओं सहित चुनाव मैदान मे डटे रहे सभी 213 प्रत्याशियाें की तकदीर कैद हो गई। गुरुग्राम, फरीदाबाद, भिवानी-महेंद्रगढ़, रोहतक, हिसार, सिरसा, अंबाला और सोनीपत के निवर्तमान सांसद जहां फिर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, वहीं कुरुक्षेत्र के सांसद रहे राजकुमार सैनी और करनाल के सांसद अश्विनी कुमार इस बार चुनावी रण से बाहर हैं। चार पूर्व सांसदों के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधायक कुलदीप शर्मा और पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव व निर्मल सिंह भी मैदान में डटे रहे।
---
लोकसभा सीट : 10
कुल प्रत्याशी : 223
मतदान केंद्र : 19 हजार 433
(शहर : 5502, ग्रामीण : 13 हजार 931)
मतदाता : 1,80,56,896
पुरुष : 97,16,516
महिला : 83,40,173
सर्विस वोटर : 1,05, 859
मतदान करने के बाद एक युवा मतदाता।
बूथ : 5444
(संवेदनशील :2463 , अति संवेदनशील : 2734)
247 बूथ : हिंसा आशंकित थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप