Move to Jagran APP

रोचक बना चुनावी माहौल: 'लालों' के लिए रण में मां, दिग्गजों की ताकत बनीं पत्नियां

हरियाणा में लाेकसभा चुनाव में प्रत्‍याशियों के लिए उनकी माताएं और पत्नियों ने मोर्चा संभाल रखा है। दिग्‍गजों की चुनावी कमान तो पूरी तरह से उनके परिवार की महिलाओं ने थाम रखी है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Sun, 28 Apr 2019 11:34 AM (IST)Updated: Sun, 28 Apr 2019 11:34 AM (IST)
रोचक बना चुनावी माहौल: 'लालों' के लिए रण में मां, दिग्गजों की ताकत बनीं पत्नियां
रोचक बना चुनावी माहौल: 'लालों' के लिए रण में मां, दिग्गजों की ताकत बनीं पत्नियां

चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। हरियाणा के चुनावी रण में इस बार ऐसी महिलाओं का जलवा है जो खुद चुनाव नहीं लड़ रही हैं। इस बार विभिन्‍न दलोें के उम्मीदवारों की माताओं, पत्नियाें और बहुओं ने भी उनके लिए मोर्चा संभाल रखा है। राज्य में करीब 12 प्रमुख उम्मीदवार ऐसे हैं जिनका चुनाव प्रचार उनके परिवार की महिलाओं, खासकर पत्नियों और मां ने संभाल रखा है।

loksabha election banner

विधायक नैना, किरण, प्रेमलता, रेणुका और आशा हुड्डा मांग रहीं बेटों के लिए वोट

प्रदेश में कई उम्मीदवार ऐसे हैं जिन्होंने नामांकन के दौरान कार्यकर्ताओं की बजाय अपने ही परिवार के सदस्यों को कवरिंग प्रत्याशी के रूप में जगह दी है। सोनीपत से चुनाव लड़ रहे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के चुनाव प्रचार की कमान उनकी धर्मपत्नी आशा हुड्डा के हाथ में है। आशा हुड्डा दोहरे मोर्चे पर डटी हुई हैं। उन पर अपने बेटे दीपेंद्र हुड्डा के भी चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी है।

दीपेंद्र, अरविंद, अशोक तंवर, संजय भाटिया और कटारिया के लिए पत्नियां कर रहीं प्रचार

रोहतक में चौथी बार ताल ठोक रहे दीपेंद्र हुड्डा के लिए उनकी पत्नी श्वेता हुड्डा भी प्रचार करने में जुटी हैं। रोहतक से ही भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा की पत्नी रीटा शर्मा ने प्रचार की कमान संभाल ली है। डॉ. अरविंद जब करनाल से लोकसभा चुनाव लड़ते थे, तब रीटा ही सारा प्रबंधन देखती थीं।

हिसार से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे भव्य बिश्नोई के चुनाव प्रचार में हालांकि पिता कुलदीप बिश्नोई आगे हैं, लेकिन विधायक मां रेणुका बिश्नोई कदम दर कदम बेटे का साथ दे रही हैं। भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह की विधायक माता प्रेमलता भी बेटे के लिए बीरेंद्र सिंह के साथ सक्रिय हो गई हैं।

अंबाला में भाजपा प्रत्याशी रतनलाल कटारिया की धर्मपत्नी बंतो कटारिया चुनावी समर में प्रचार कर रहीं तो करनाल में संजय भाटिया के हक में उनकी पत्नी अंजू भाटिया कूद पड़ी हैं। सिरसा में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अशोक तंवर की पत्नी अवंतिका माकन तंवर ने पूरी मुस्तैदी के साथ मोर्चा संभाला हुआ है।

भिवानी में कांग्रेस की उम्मीदवार श्रुति चौधरी के लिए उनकी विधायक मां किरण चौधरी इस तरह से चुनाव प्रचार कर रहीं मानों वह खुद ही चुनाव लड़ रही हैं। जननायक जनता पार्टी के हिसार से प्रत्याशी दुष्यंत चौटाला और सोनीपत से प्रत्याशी दिग्विजय सिंह चौटाला के लिए उनकी विधायक मां नैना चौटाला ने पति अजय चौटाला के साथ मोर्चा संभाल लिया है।

गुरुग्राम में कैप्टन अजय यादव की पत्नी भी प्रचार कर रही हैं। आम आदमी पार्टी के फरीदाबाद से प्रत्याशी नवीन जयहिंद का नामांकन कराने उनकी पत्नी दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल पहुंची जो अगले कुछ दिनों में सक्रिय नजर आ सकती हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.