कांग्रेस के नेता सपूत नहीं कपूत, ये लोग नहीं कर सकते मातृभमि की रक्षा : मनोहर लाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कांग्रेस पर जमकर हमला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वाले देश की रक्षा नहीं कर सकते। इसलिए वे सपूत नहीं कपूत हैं।
लाडवा (कुरुक्षेत्र), जेएनएन। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने यहां कांग्रेस पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि कहा कि कांग्रेस देश को केवल भूमि का टुकड़ा समझती है आैर भाजपा के लिए देश मां है। कांग्रेस घोषणापत्र में देशद्रोह के कानून को खत्म करने की बात कर रही है। भारत माता की रक्षा के बजाय केवल देश को तोड़ने की साजिश रच रहे हैं। हरियाणा में एक कहावत है कि जो अपनी मां की रक्षा नहीं कर पाता है, वह सपूत नहीं कपूत होता है, इसलिए कांग्रेस वाले कपूत हैं।
मुख्यमंत्री लाडवा की अनाज मंडी में रैली को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ भाजपा प्रत्याशी नायब सैनी भी थे।
सीएम के भाषण के दौरान वैसे तो युवाओं ने मुख्यमंत्री के जिंदाबाद के नारे लगाए, लेकिन कुछ युवाओं ने नौकरियों में भेदभाव का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने इसे विपक्ष की चाल बताते हुए कहा कि मुझे विपक्षी दलों से निपटना आता है, लेकिन उनका भी इलाज जनता ही करेगी। जनता 12 मई को विपक्षी दलों को आईना दिखाएगी और 23 मई को तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
-----------
नहीं घुसने दी गेहूं की ट्रैक्टर-ट्रालियां
विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल करीब ढाई घंटे देरी से पहुंचे। रैली को सुबह करीब 10 बजे का टाइम दिया हुआ था। सीएम की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मंडी के सभी चारों गेट करीब 9 बजे ही बंद कर दिए थे। मुख्यमंत्री करीब साढ़े 12 बजे रैली स्थल पर पहुंचे करीब एक घंटे से अधिक रैली में रहे। गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्राली अंदर नहीं जाने दी गई।