मनोहर लाल बोले- वंशवाद की इस बेल को खत्म कर बढ़ें विकास और सुशासन की राह पर
मनोहर लाल ने कहा रोहतक में कभी भावनात्मक तो कभी अपनेपन के नाम पर वंशवाद की बेल पनपती रही है। अब समय आ गया है कि लोग इस बेल को खत्म करके समान विकास और सुशासन की राह पर आगे बढ़ें।
जेएनएन, रोहतक। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक बार फिर जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान रोहतक में आगजनी को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि रोहतक जलाने वालों को अब सजा देने का समय आ गया है। मुख्यमंत्री भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा के नामांकन से पूर्व पुराने आइटीआइ मैदान में आयोजित जन आशीर्वाद सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उन्हें मलाल है कि वर्ष 2014 में रोहतक में कमल नहीं खिला। इस बार रोहतक को जलाने वालों को पछाड़कर कमल का फूल खिलाना आप लोगों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रोहतक में कभी भावनात्मक तो कभी अपनेपन के नाम पर वंशवाद की बेल पनपती रही है। अब समय आ गया है कि लोग वंशवाद की इस बेल को खत्म करके समान विकास और सुशासन की राह पर आगे बढ़ें।
मोदी ही कर सकते हैं आतंकवाद का खात्मा : मिश्र
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने कहा देश में मोदी लहर चल रही है। इसलिए आप अरङ्क्षवद शर्मा को देश की बड़ी पंचायत में भेजें। उन्होंने कहा कि 2019 का चुनाव देश की सुरक्षा और राष्ट्र भक्ति का है। मोदी का ही दम है कि आज पाकिस्तान को विश्व में अलग-थलग कर दिया गया है।