बसपा-एलएसपी ने हरियाणा में दो और प्रत्याशी घोषित किए, कुरुक्षेत्र से शशि सैनी
लोकसभा चुनाव 2019 के लिए बसपा-एलएसपी गठबंधन ने दो और उम्मीदवारों की घोषणा की है। इस तहर गठजोड़ ने हरियाणा की 10 में से आठ सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं।
कुरुक्षेत्र, जेएनएन। लाेकसभा चुनाव 2019 के लिए बहुजन समाज पार्टी (BSP) व लोक सुरक्षा पार्टी (LSP) ने हरियाणा के दो अन्य सीटों के लिए अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। गठबंधन ने कुरुक्षेत्र से शशि सैनी और सिरसा से जनकराज अटवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। दोनों बसपा के प्रत्याशी होंगे।
शनिवार को यहां आयोजित पत्रकार सम्मेलन में एसएसपी के प्रधान राजुकमार सैनी और बसपा के प्रदेश नेताओं ने उम्मीदवारों की घोषणा की। सिरसा सुरक्षित से बसपा से एडवोकेट जनक राज अटवाल को उम्मीदवार बनाया गया है। कुरुक्षेत्र से बसपा की शशि सैनी गठबंधन की उम्मीदवार होंगी। गठबंधन पहले ही छह सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुका है।
अब गुरुग्राम और सोनीपत की सीटें अभी लंबित रखी गई हैं। नेताओं ने कहा कि दो-तीन दिनों में इन सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए जाएंगे। राज्य में दाेनों दलों के समझौते के तहत बसपा आठ लोकसभा सीटों और एलएसपी दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
बसपा-एलएसपी गठबंधन के अब तक घोषित प्रत्याशी
1. रोहतक- किशनलाल पांचाल (बसपा)
2. फरीदाबाद- मनधीर मान (बसपा)
3. भिवानी महेंद्रगढ़- रमेश राव पायलेट (एलएसपी)
4. हिसार- सुरेंद्र शर्मा (बसपा)
5. अंबाला- नरेश सारंग (बसपा)
6. करनाल- पंकज चौधरी (बसपा)
7. सिरसा: एडवोकेट जनक राज अटवाल (बसपा)
8. कुरुक्षेत्र: शशि सैनी (बसपा)