भूपेंद्र हुड्डा बोले- मनोहर ने शादी नहीं की, इसलिए जमाई का महत्व नहीं मालूम
हुड्डा ने मनोहरलाल द्वारा बोले गए (बिगड़ैल जमाई) शब्द पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि मनोहर शादीशुदा नहीं हैं इसीलिए उन्हें मालूम नहीं है कि जमाई का क्या सम्मान है।
जेएनएन, जींद। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोमवार को जींद क्षेत्र के 34 गांवों में मैराथन रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर ताबड़तोड़ हमले किए। हुड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल के खरखौदा में बोले गए (बिगड़ैल जमाई) शब्द पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर शादीशुदा नहीं हैं, इसीलिए उन्हें मालूम नहीं है कि हरियाणवी समाज में जमाई और दूसरे सामाजिक रिश्तों का कितना सम्मान है। मैं एक जगह जमाई हूं तो दूसरी जगह किसी का साला, भांजा, मामा, फूफा समेत अन्य रिश्ते नातों से भी बंधा हुआ हूं। मनोहर को मुख्यमंत्री पद की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए।
हुड्डा ने कहा कि भाजपा और उसका राष्ट्रवाद, दोनों फर्जी हैं। कोई भी सैनिक किसी व्यक्ति विशेष के लिए शहादत नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए शहादत देता है। अधिकांश सैनिक साधारण परिवारों से सेना में भर्ती होते हैं, जो देश के लिए अपनी जान न्यौछावर करते हैं लेकिन भाजपा नेताओं का यह कहना कि यह मोदी की सेना है। यह पूरी तरह से सैनिकों का अपमान है। हुड्डा का रोड शो गांव कंडेला से शुरू होकर देर सायं जींद शहर में टाउन हाल तक चला।
गढ़ भेदने जींद में डटे हुड्डा, निर्मल-सैलजा के लिए भी करेंगे प्रचार
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर जहां खुद की सोनीपत लोकसभा सीट जीतकर राहुल गांधी की झोली में डालने की जिम्मेदारी है, वहीं वे रोहतक में अपने बेटे दीपेंद्र हुड्डा के साथ-साथ अन्य कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए भी चुनाव प्रचार का समय निकाल रहे हैं।
हुड्डा ने सोमवार को पूरा दिन अपने लिए रखा। बुधवार को वह कुरुक्षेत्र में चौ. निर्मल सिंह और वीरवार को अंबाला में कु. सैलजा के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। राज्य की राजनीति में हुड्डा और सैलजा की जोड़ी कभी मशहूर हुआ करती थी। दोनों ने राजनीति में एक दूसरे को प्रोत्साहित किया। चौ. निर्मल सिंह पूर्व सीएम के खास सिपहसालारों में शामिल हैं। हुड्डा कुरुक्षेत्र में रादौर, थानेसर, पूंडरी और चीका में जनसभाएं करेंगे। अगले दिन अंबाला में नारायणगढ़, बिलासपुर और मुलाना में जनसभाएं कर वोट मांगेंगे।
हुड्डा ने सोमवार को जींद में डेरा डाले रखा। उन्होंने 33 गांवों में ताबड़तोड़ जनसभाएं कर अपने लिए समर्थन जुटाया। कंडेला गांव से शुरू हुआ उनका रोड-शो अमरेहड़ी गांव में थमा जिसके बाद वह दिल्ली लौट गए। पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा पर बाकी राज्यों में भी चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी है। इसके लिए उन्होंने एक हेलीकाप्टर हायर कर लिया है। वह हाल ही में राजस्थान में प्रचार कर लौटे हैं।