भाजपा नेता के निशाने पर राहुल गांधी और नेहरू, कहा- आतंकवादियों ने तैयार किया कांग्रेस घोषणापत्र
विजय संकल्प रैली में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस से लेकर राहुल गांधी के नाना पंडित जवाहर लाल नेहरू तक पर जमकर प्रहार किया।
जेएनएन, यमुनानगर। विजय संकल्प रैली में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस से लेकर राहुल गांधी के नाना पंडित जवाहर लाल नेहरू तक पर जमकर प्रहार किया। कांग्रेस पर आतंकियों को पनाह देने और नेहरू पर देश को दो हिस्सों में बांटने का खुला आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि आतंकवादी अजहर मसूद कांग्रेसियों का रिश्तेदार है। कांग्रेसी उसको साहब कहकर संबोधित करते हैं। राहुल गांधी तो जी कहकर बुलाते हैं। विज का कहना है कि इतना सम्मान तो उन्होंने अपने पिता को नहीं दिया होगा जितना एक आतंकवादी को दे दिया है। विज यहां तक बोल गए कि कांग्रेस का घोषणापत्र तो पाकिस्तान के आतंकवादियों ने बनाया है।
विज ने नेहरू पर देश को दो हिस्से भारत व पाकिस्तान में बांटने का आरोप लगाया। अब राहुल गांधी नेहरू के अधूरे षड्यंत्र को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। अपने घोषणा पत्र में देश विद्रोह की धारा व अनुच्छेद-370 को खत्म न करने की बात कहना इसका प्रमाण है।
टक्कर तो सिर्फ कांग्रेस व भाजपा में ही
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ गठबंधन खड़ा किया जा रहा है। ये दल उठक बैठक कर रहे हैं। इस गठबंधन में न कोई नेता है और न ही नीति। बस वही बात हो रही है कि कहीं का ईंट कहीं का रोड़ा, राहुल गांधी ने कुनबा जोड़ा...। अभी हार जीत का किसी को भी पता नहीं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप